आगरा। सेवा के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए लायंस क्लब प्रयास द्वारा विजयनगर कॉलोनी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में पुनर्निर्मित वातानुकूलित एवं भव्य भवन का निर्माण कर उसे विद्यालय परिवार को समर्पित किया गया। आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस भवन के लोकार्पण समारोह में शिक्षा, सेवा और सामाजिक सरोकारों का सुंदर संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ लायंस क्लब के पूर्व अंतरराष्ट्रीय डायरेक्टर जितेंद्र चौहान, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर आरएन वर्मा, संस्थापक अध्यक्ष संजीव मित्तल, संस्थापक सचिव विनीत खेरा, पूर्व अध्यक्ष अशु मित्तल, नेशनल चैंबर के पूर्व अध्यक्ष अतुल गुप्ता, स्कूल के प्रबंधक किशोरी श्याम गोयल, कोषाध्यक्ष भविष्य अग्रवाल, प्रधानाचार्य अरविंद कुमार तिवारी ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
अतिथियों का स्वागत क्लब अध्यक्ष गीतिका अग्रवाल, सचिव आलोक अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष पुनीत बागला ने किया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में नए भवन के निर्माण को शिक्षा के क्षेत्र में लायंस क्लब प्रयास की महत्वपूर्ण सेवा बताया गया।
पूर्व अंतरराष्ट्रीय डायरेक्टर जितेंद्र चौहान ने कहा कि लायंस क्लब प्रयास द्वारा पुनर्निर्मित विद्यालय के लिए वातानुकूलित भव्य भवन का निर्माण निश्चित रूप से विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराएगा तथा आने वाली पीढ़ियां भी इस सेवा कार्य से लाभान्वित होंगी।
डिस्ट्रिक्ट गवर्नर आरएन वर्मा ने कहा कि समाज सेवा तभी सार्थक होती है, जब उसका लाभ लंबे समय तक समाज के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे। लायंस क्लब प्रयास ने विद्यालय के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त भवन तैयार कर शिक्षा के क्षेत्र में एक अनुकरणीय कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर सुविधाएं और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना उनके व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। क्लब का यह प्रयास निश्चित रूप से विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देने में सहायक बनेगा।
पूर्व अध्यक्ष अशु मित्तल ने कहा कि यह भवन केवल ईंट और पत्थरों से निर्मित संरचना नहीं है, बल्कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए समाज की संवेदनशीलता और सेवा भावना का प्रतीक है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह भवन विद्यार्थियों के लिए बेहतर शिक्षण वातावरण प्रदान करेगा।
विद्यालय के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने लायंस क्लब प्रयास के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “किरण चाहे सूर्य की हो या प्रयास की, जीवन के समस्त अंधकार मिटा देती है।”
उन्होंने कहा कि लायंस क्लब प्रयास द्वारा किया गया यह सेवा कार्य विद्यालय के प्रत्येक विद्यार्थी को जीवन भर याद रहेगा।
कार्यक्रम में पुनीत अग्रवाल, पंकज गर्ग, रूपाली अग्रवाल, रुचि बागला, तनुजा मांगलिक, रीना गर्ग, अंशुमान बावरी, हिमांशु दोनेरिया, रेनू भगत, सुरभि पाटनी, दिव्या गोयल, रानू अग्रवाल, आदि उपस्थित रहे।
- आगरा के मोतीगंज में खाद्य व्यापारियों के लिए जागरूकता बैठक: त्योहारों से पहले एफएसडीए अधिकारियों ने स्वच्छता और शुद्धता पर दिया जोर - September 2, 2026
- एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा बने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पहले CEO, तीन नए ट्रस्टी भी किए गए शामिल - September 2, 2026
- Agra News: लायंस क्लब प्रयास की अनूठी पहल, सरस्वती शिशु मंदिर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त वातानुकूलित नए भवन का भव्य लोकार्पण - September 2, 2026