शामली। हरियाणवी गायक और यूट्यूबर अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल दो कुख्यात शार्प शूटर सोमवार सुबह पुलिस के साथ हुई एक सनसनीखेज मुठभेड़ में मारे गए। औद्योगिक क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 50-50 हजार रुपये के इनामी बदमाश सुमित (24) और मोहित (22) को ढेर कर दिया। दोनों आरोपी हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले थे और कुख्यात गोगी गैंग के शूटर बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, अंकित बालियान की हत्या को अंजाम देने के बाद दोनों शूटर बागपत के रास्ते लोनी की ओर फरार हुए थे। सोमवार सुबह दोनों औद्योगिक क्षेत्र के रास्ते वापस सोनीपत जाने की फिराक में थे, तभी पुलिस ने उन्हें घेर लिया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने एनकाउंटर की पुष्टि करते हुए बताया कि मारे गए दोनों बदमाश अंकित हत्याकांड में सीधे तौर पर शामिल थे। पुलिस ने मौके से हथियार और अन्य साक्ष्य भी बरामद किए हैं।
चार में से दो शूटर ढेर, दो की तलाश जारी
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि अंकित बालियान की हत्या में कुल चार शूटर शामिल थे। इनमें से सुमित और मोहित को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है, जबकि अब पुलिस बाकी दो शूटरों—सत्यम और आर्यन—की तलाश में जुटी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। घटना के बाद से ही पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर शूटरों की सुरागकशी कर रही थी। जांच में उनके बागपत और लोनी की ओर भागने की पुष्टि हुई थी, जिसके बाद निगरानी बढ़ा दी गई थी।
क्या था पूरा मामला?
शामली के बंतीखेड़ा गांव के रहने वाले 32 वर्षीय हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान अक्सर गन कल्चर पर अपने गाने बनाया करते थे। बीते 26 अगस्त को वह रोज की तरह शहर कोतवाली क्षेत्र के आर्यपुरी नाला पटरी पर जिम करने गए थे, जहां बदमाशों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना के पीछे राजनीतिक रंजिश और जिला पंचायत चुनाव की तैयारी का एंगल भी सामने आ रहा था।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया था। गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की थी, इस दौरान अंकित की मां उनकी पार्थिव शरीर को गोद में लेकर सड़क पर बैठ गई थीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मेरठ जोन के एडीजी भानु भास्कर और सहारनपुर रेंज के डीआईजी अभिषेक सिंह शामली पहुंचे थे और परिजनों को समझा-बुझाकर रात में जाम खुलवाया था।
इस सनसनीखेज हत्याकांड पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए थे।
- जेन-जी दिखाएगी उत्तर प्रदेश की विरासत और संस्कृति, युवाओं को मिला अपने शहर को दुनिया तक पहुंचाने का मौका, ऐसे करें आवेदन - August 31, 2026
- वाराणसी में गंगा नदी का रौद्र रूप: जलस्तर बढ़कर 69.90 मीटर पहुंचा, चेतावनी बिंदु से महज 36 सेंटीमीटर दूर; तटवर्ती इलाकों में अलर्ट जारी - August 31, 2026
- प्रयागराज की बदहाल सड़कों पर गरमाई सियासत: अखिलेश यादव ने वीडियो शेयर कर महाकुंभ के नाम पर 1 लाख करोड़ के घोटाले का लगाया गंभीर आरोप - August 31, 2026