राहुल गांधी की जिद के आगे आखिरकार झुकी दिल्ली पुलिस, 20 जुलाई के जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान हुए पैलेट गन इस्तेमाल मामले में अज्ञात के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर

NATIONAL





नई दिल्ली। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी की जिद के बाद दिल्ली पुलिस ने आखिरकार पैलेट गन केस मामले में पीड़ित साहिल लोचब की शिकायत पर FIR दर्ज कर ली है। यह जानकारी दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने दी है। सीनियर पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर पैलेट गन के इस्तेमाल के मामले में FIR दर्ज की है। इस मामले में किसी को भी नामजद नहीं किया गया है, यानी यह एफआईआर अज्ञात के खिलाफ दर्ज की गई है।

इस बीच, रणदीप सुरजेवाला और प्रियंका गांधी इस वक्त डीसीपी कार्यालय में मौजूद हैं। पैलेट गन मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद भी कांग्रेस नेता संसद मार्ग थाने के बाहर डटे हुए हैं। वे लगातार दर्ज की गई एफआईआर की हार्ड कॉपी की मांग कर रहे हैं।

गौरतलब है कि कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को घायल छात्र साहिल लोचब के साथ संसद मार्ग थाने पहुंचे थे। उन्होंने इस मामले में एफआईआर दर्ज करने की पुरजोर मांग की थी। इसके बाद राहुल गांधी वहीं धरने पर बैठ गए थे। लगभग पांच घंटे चले इस घटनाक्रम के बाद अब राहुल की मांग मान लिए जाने और साहिल लोचब की शिकायत पर एफआईआर दर्ज करने पर सहमति बनने की खबर सामने आई है।




Dr. Bhanu Pratap Singh