आगरा में दर्दनाक सड़क हादसा: भंडारे की सेवा से लौट रहे बीकॉम छात्र की रोडवेज बस की टक्कर से मौत, साथी घायल

स्थानीय समाचार

आगरा। आगरा के ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक हंसते-खेल्ते परिवार को उजाड़ कर रख दिया। टेडी बगिया स्थित सेटेलाइट बस स्टैंड के सामने तेज रफ्तार रोडवेज बस की टक्कर से 21 वर्षीय बीकॉम छात्र प्रिंस तोमर की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका साथी अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया है। इस अप्रत्याशित हादसे के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।

​सामान देकर लौट रहे थे घर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवकी नगर (गुलाब नगर) निवासी प्रिंस तोमर अपने मित्र अंकित के साथ पल्सर बाइक पर सवार होकर हाथरस रोड स्थित प्राचीन टेढ़ेश्वर महादेव मंदिर में चल रहे भंडारे के लिए हलवाई को आवश्यक सामान पहुंचाने गए थे। सामान देकर जब दोनों युवक वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी तड़के करीब तीन बजे टेडी बगिया स्थित सेटेलाइट बस स्टैंड के सामने एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

​अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

घटना की सूचना मिलते ही ट्रांस यमुना थाना प्रभारी हरेंद्र कुमार और टेडी बगिया चौकी प्रभारी अमित कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को पहले एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहाँ से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद सुबह करीब 11 बजे इलाज के दौरान प्रिंस तोमर ने दम तोड़ दिया। वहीं, घायल साथी अंकित का अस्पताल में इलाज जारी है।

इकलौते बेटे की मौत से बिखरा परिवार

मृतक प्रिंस तोमर अपने माता-पिता (संजेश सिंह तोमर) का इकलौता बेटा था। उसकी बड़ी बहन तनु की शादी हो चुकी है, जबकि पिता पेशे से जूता कारीगर और मां गृहिणी हैं। परिवार ने बेटे को उच्च शिक्षा दिलाकर एक बेहतर भविष्य का सपना संजोया था, जो अब हमेशा के लिए टूट चुका है। प्रिंस बीकॉम का मेधावी छात्र था। इकलौते बेटे की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया और मां व बहन सदमे से बेसुध हो गईं।

पुलिस ने बस को लिया कब्जे में

हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटना को अंजाम देने वाली रोडवेज बस (संख्या UP78JT3615) को अपनी हिरासत में लेकर थाने में खड़ा करवा लिया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी हरेंद्र कुमार ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त हो चुकी है, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के अन्य पहलुओं की भी गहराई से जांच कर रही है।

Dr. Bhanu Pratap Singh