200 साल पुराने श्री धनकामेश्वर मंदिर में सावन महोत्सव का भक्तिमय आगाज: सत्यनारायण कथा और महा रुद्राभिषेक से गूंजा मोती कटरा

RELIGION/ CULTURE

आगरा। धन्ना की बगीची, मोती कटरा स्थित प्राचीन श्री धनकामेश्वर मंदिर में बाबा धनकामेश्वर नाथ बगीची समिति के तत्वावधान में सावन महोत्सव एवं महा रुद्राभिषेक कार्यक्रम का शुभारंभ रविवार को श्री सत्यनारायण भगवान की कथा के साथ हुआ। ठाकुर जी के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कथा का शुभारंभ किया गया, जिसके पश्चात श्रद्धालुओं ने श्रद्धाभाव से कथा का श्रवण किया। इस अवसर पर यजमान प्रकाश चंद्र गुप्ता एवं सीमा देवी ने विधि-विधान के साथ प्रथम रुद्राभिषेक संपन्न कराया।

समिति के अध्यक्ष राजेश पायलट एवं कोषाध्यक्ष राजेंद्र गुप्ता ने बताया कि लगभग 200 वर्ष पुराने इस ऐतिहासिक श्री धनकामेश्वर मंदिर का धार्मिक महत्व अत्यंत विशेष है। उन्होंने बताया कि इस मंदिर की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां विराजमान अति प्राचीन शिवलिंग धरातल से नीचे, पाताल स्वरूप में स्थापित है, जिसकी दूर-दूर तक मान्यता है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं।

उन्होंने बताया कि पूरे सावन मास में प्रतिदिन एक-एक महा रुद्राभिषेक आयोजित किया जाएगा। इस प्रकार 31 दिनों तक कुल 31 रुद्राभिषेक होंगे तथा प्रत्येक दिन अलग-अलग यजमान पूजन-अर्चन करेंगे।

कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं ने श्री सत्यनारायण भगवान के प्रसाद का ग्रहण किया।

इस अवसर पर सह मंत्री शरण गुप्ता, खलीफा बिरजू पहलवान, राजीव गुप्ता, मनीष गर्ग, बंटी आदि उपस्थित रहे।

 

Dr. Bhanu Pratap Singh