आगरा। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बालाजी नगर, कमला नगर स्थित गायत्री शक्तिपीठ में दो दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंतर्गत पंचकुंडीय गायत्री महायज्ञ, अखंड गायत्री मंत्र जाप, विभिन्न संस्कारों, दीक्षा एवं महाप्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर गुरु तत्व के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
मंगलवार प्रातः से आरंभ हुए दो दिवसीय गुरु पूर्णिमा उत्सव के पहले दिन अखंड गायत्री मंत्र जाप का आयोजन किया गया। पूरे दिन सैकड़ों श्रद्धालु बारी-बारी से शक्तिपीठ पहुंचकर गायत्री मंत्र का जाप करते रहे। मंत्रोच्चारण से संपूर्ण परिसर भक्तिमय एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत रहा।
बुधवार को आयोजित पंचकुंडीय गायत्री महायज्ञ में एक पारी में 50 से अधिक श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गायत्री मंत्र के साथ आहुतियां अर्पित कीं। यज्ञ के दौरान समस्त दीक्षा एवं विभिन्न संस्कार भी संपन्न कराए गए। कार्यक्रम में लगभग 500 से अधिक श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर यज्ञ का पुण्य लाभ प्राप्त किया।
गायत्री परिवार के कैलाश चंद वर्मा ने गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च माना गया है। गुरु केवल ज्ञान का प्रकाश ही नहीं देते, बल्कि जीवन को सही दिशा, संस्कार और आत्मिक उन्नति का मार्ग भी दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और समाज में नैतिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक चेतना का प्रसार करना गायत्री परिवार का प्रमुख उद्देश्य है।
उन्होंने बताया कि गुरु पूर्णिमा का पर्व आत्ममंथन, साधना, सेवा और संस्कारों के प्रति समर्पण का संदेश देता है। गायत्री परिवार द्वारा आयोजित ऐसे कार्यक्रम समाज में सद्भाव, सकारात्मकता और आध्यात्मिक जागरण को सशक्त बनाने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम के समापन पर महाप्रसादी का वितरण किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धन्यता अनुभव की। इस आयोजन ने न केवल भक्ति का संदेश दिया, बल्कि गुरु-शिष्य परंपरा की गरिमा को भी पुनर्स्थापित किया।
- यमुना तट पर गूंजेंगे ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष: दयालबाग स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में सावन महोत्सव के लिए हुआ भूमि पूजन - July 29, 2026
- यूपी के 3.73 करोड़ बिजली उपभोक्ताओं के लिए खुशखबरी: अगस्त के बिल में 2.92% की सीधी कटौती, मिलेगा 221 करोड़ का लाभ - July 29, 2026
- छात्र आंदोलन पर भाजपा सांसद कंगना रनौत का बयान बना मुसीबत: आगरा में पुलिस कमिश्नर को सौंपा गया शिकायत पत्र, सख्त कार्रवाई की मांग - July 29, 2026