ग्रेटर नोएडा। विकास कार्यों के दौरान बरती गई घोर लापरवाही ने एक हंसते-खेलते 6 साल के बच्चे की जान ले ली। नॉलेज पार्क-2 स्थित कलाधाम सोसाइटी में शनिवार शाम ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण द्वारा बोरिंग के लिए खोदे गए 15 फीट गहरे गड्ढे में डूबने से मासूम आव्यान की मौत हो गई। घटना के बाद से क्षेत्र में भारी आक्रोश है और पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
खेल-खेल में हुआ हादसा
मृतक आव्यान के पिता शिवान यादव केंद्रीय विद्यालय में वाइस प्रिंसिपल हैं। परिजनों के अनुसार, शनिवार शाम करीब 6:30 बजे आव्यान अपने घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ क्रिकेट खेल रहा था। खेलते समय वह अचानक उस गड्ढे के पास पहुँच गया, जिसे प्राधिकरण ने बोरिंग कार्य के लिए खुदवाया था। बारिश के कारण यह गड्ढा पानी और कीचड़ से भरा हुआ था। पैर फिसलने से बच्चा गहरे गड्ढे में जा गिरा। आसपास मौजूद बच्चों का शोर सुनकर जब लोग मौके पर पहुँचे, तो उन्होंने बच्चे को बाहर निकालकर अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्राधिकरण की खुली लापरवाही
स्थानीय लोगों का आरोप है कि रिहायशी इलाके में इतना गहरा गड्ढा खोदे जाने के बावजूद ठेकेदार ने सुरक्षा के लिए कोई बैरिकेडिंग नहीं की थी। अथॉरिटी के ठेकेदार विकास कार्यों की जल्दबाजी में सुरक्षा मानकों को पूरी तरह नजरअंदाज कर गए, जिसका खामियाजा एक मासूम को अपनी जान देकर भुगतना पड़ा। मां का दुख ऐसा है कि वह सुध-बुध खो बैठी है और पिता सदमे में हैं।
जागृत हुआ प्रशासन, ठेकेदार पर कार्रवाई
हमेशा की तरह घटना के बाद प्रशासनिक अमला हरकत में आया है। अथॉरिटी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ठेकेदार मनोज जैन, सुपरवाइजर जॉनी और टेक्निकल सुपरवाइजर आकाश के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर दी है। साथ ही, इन सभी की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं।
यह घटना शहरी विकास के नाम पर खोदे जाने वाले उन जानलेवा गड्ढों पर एक बड़ा सवालिया निशान खड़ा करती है, जो अक्सर सुरक्षा इंतजामों के अभाव में काल का ग्रास बन जाते हैं। अब प्रश्न यह है कि क्या सिर्फ FIR दर्ज कर देने से उस परिवार की क्षतिपूर्ति हो सकेगी, जिसने अपना मासूम बेटा खो दिया है?
- ग्रेटर नोएडा में विकास के गड्ढों में समाई मासूम की जान, 6 साल के आव्यान की डूबकर दर्दनाक मौत, ठेकेदार और सुपरवाइजर पर FIR - July 26, 2026
- संस्कार भारती का भव्य सम्मान समारोह: कला साधना के 101 गुरुओं को मिली वैश्विक पहचान, केंद्रीय मंत्री ने सराहा योगदान - July 26, 2026
- आगरा जनकपुरी महोत्सव 2026: एडीएम प्रशासन आजाद भगत सिंह ने की प्रभु श्रीराम की संध्या आरती, सुख-समृद्धि की कामना की - July 26, 2026