प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समाजवादी पार्टी (सपा) को ‘नकली समाजवादी’ करार देते हुए रविवार को कहा कि जनता की आस्था से कोई सरोकार नहीं रखने वाले इन लोगों को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को अपार समर्थन मिलता देखकर ‘‘अब सपने में भगवान कृष्ण की याद आने लगी’’ है। पीएम मोदी ने मथुरा, बुलंदशहर और आगरा के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित ‘जन चौपाल’ को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से सम्बोधित करते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनकी पार्टी पर तीखे प्रहार किए।
पीएम मोदी ने किया अखिलेश पर तीखा हमला
पीएम मोदी ने कहा, ‘‘चुनाव देखकर कृष्ण भक्ति का चोला ओढ़ने वाले लोग जब सरकार में थे तो वृंदावन, बरसाना, गोवर्धन और नंदगांव को वे भूल ही गए थे। आज भाजपा को अपार समर्थन देख इन लोगों को अब सपने में भगवान कृष्ण की याद आने लगी है।”
गौरतलब है कि अखिलेश यादव ने हाल में कहा था कि भगवान कृष्ण रोजाना उनके सपने में आकर कहते हैं कि उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनने जा रही है।
UP के हालत थे समाजवादियों के कर्मों का कच्चा चिट्ठा
प्रधानमंत्री ने कहा कि ”जो पहले सरकार में थे, उन्हें ना तो आप लोगों की आस्था से मतलब था और ना ही आपकी जरूरतों से। उनका सिर्फ एक ही एजेंडा रहा है, उत्तर प्रदेश को लूटो। उन्हें बस सरकार बनाने से मतलब रहा है इसीलिए आज वह मुख्यमंत्री योगी (आदित्यनाथ) जी और भाजपा सरकार को पानी पी पी कर कोस रहे हैं। उत्तर प्रदेश का इन लोगों ने जो हाल बना दिया था, वह इन नकली समाजवादियों के कर्मों का कच्चा चिट्ठा है।”
UP में पसरा था गुंडाराज
मोदी ने आरोप लगाया, ”पिछली सरकारों के शासनकाल में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद थे कि वे राजमार्गों पर गाड़ी रोक कर लूटपाट करते थे और राजमार्गों पर ही महिलाओं और बेटियों के साथ क्या होता था, यह बुलंदशहर के लोग अच्छी तरह से जानते हैं। तब उत्तर प्रदेश में घरों एवं दुकानों पर अवैध कब्जे होना आम बात थी। लोग अपना घर छोड़कर पलायन को मजबूर होते थे। आगरा के दंगों में आरोपियों के सिर पर किसका हाथ था, यह आप भली-भांति जानते हैं।”
BJP कर रही भविष्य का निर्माण
मोदी ने कहा कि पहले की सरकारें भय फैलाने में जुटी थी जबकि भाजपा भविष्य का निर्माण कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार और पिछली सरकारों में यही फर्क है, इसलिए आज उत्तर प्रदेश में बहन बेटियां खुले दिल से कह रही हैं कि ‘‘पहले हमें घर से निकलने में लगता था डर, अब भाजपा राज में अपराधी कांपे थर-थर।’’
भय की राजनीति करने वाले नहीं पा सकते जनता का प्यार
उन्होंने कहा, ”उत्तर प्रदेश के लोगों ने दो टूक कह दिया है कि धन, दौलत, बाहुबल, जातिवाद, परिवारवाद और संप्रदायवाद के दम पर भले ही कुछ लोग कितनी ही राजनीति कर लें, लेकिन वह जनता का प्यार नहीं पा सकते। जनता का आशीर्वाद तो उसे ही मिलेगा, जो सच्चे अर्थ में प्रदेश के लोगों की सेवा करेगा, इसलिए जनता ने तय कर लिया है कि इस बार भी चुनाव में सबसे बड़ा मुद्दा विकास का ही है।”
मोदी ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने दिखा दिया है कि अगर राज्य का विकास कोई कर सकता है तो वह सिर्फ भाजपा है, इसलिए पिछले कई महीनों से उत्तर प्रदेश के लोग यह ठान कर बैठे हैं कि कमल का बटन फिर दबाना है और भाजपा को ही जिताना है।
-एजेंसियां
- मानवता की सेवा और मानसिक शांति का संदेश: ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान द्वारा आयोजित रक्तदान महाअभियान में गूंजा विश्व बंधुत्व का नारा - August 23, 2026
- हिंदुस्तान किसी एक की बपौती नहीं है… राहुल गांधी के साथ मंच पर भोजपुरी सिंगर नेहा राठौर, बोलीं- सरकार से सवाल करो तो FIR हो जाती है… - August 23, 2026
- आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में प्लास्टर गिरने के 17 घंटे बाद 10 साल के उमैर की मौत, परिवार में मचा कोहराम; गंभीर बीमारी से जूझ रहा था मासूम - August 23, 2026