कोरोना महामारी के प्रकोप की रफ्तार के धीमे पड़ते ही देश के विभिन्न राज्यों में स्कूलों का खुलना जारी है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश सरकार ने भी राज्य में स्कूलों को कल सोमवार से खोलने की अनुमति दे दी है। राज्य के मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी की ओर से इसके लिए आदेश जारी कर दिए गए हैं। इस आदेश में कहा गया है कि सोमवार 7 फरवरी 2022 से राज्य में आठवीं से ऊपर के स्कूल और उच्च शिक्षण संस्थानों को खोल दिया जाएगा। आठवीं तक के स्कूलों को खोलने का फैसला आगे लिया जाएगा।
दिसंबर में बंद हुए थे स्कूल
उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य में कोरोना महामारी के बढ़ते हुए मामले को देखते हुए राज्य में स्कूल-कॉलेजों को दिसंबर के आखिर में बंद कर दिया था। इन्हें खोले जाने की तारीखों में लगातार बढ़ोत्तरी जारी थी। हालांकि, ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन जारी था। अब जाकर स्कूलों को खोलने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। हाल ही में केंद्र सरकार ने भी राज्यों को स्कूलों को खोलने की सलाह दी थी।
बिहार में भी कल से खुल रहे हैं स्कूल
बिहार में कोरोना के मामलों में कमी आने के बाद सरकार ने कल सोमवार से स्कूलों को खोलने के आदेश जारी कर दिए हैं। बिहार के सीएम नितीश कुमार ने बताया कि राज्य में आठवीं कक्षा तक के स्कूल 50 फीसदी क्षमता के साथ खोले जाएंगे। कक्षा नवीं और इससे ऊपर के कॉलेज और कोचिंग संस्थान आदि शत प्रतिशत क्षमता के साथ खोले जाएंगे। राज्य में सिनेमा हॉल, क्लब, जिम, स्टेडियम, स्विमिंग पूल, रेस्तरां आदि 50 फीसदी क्षमता के साथ खोलें जाएंगे।
दिल्ली में भी खुले स्कूल
दिल्ली सरकार ने भी राजधानी में स्कूलों को खोलने की घोषणा कर दी है। राजधानी दिल्ली में नवीं से बारहवीं तक के स्कूलों को 7 फरवरी 2022 को खोल दिया जाएगा। नर्सरी से आठवीं तक के स्कूल 14 फरवरी 2022 से खोले जाएंगे। उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बताया था कि इस बात को सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी शिक्षक वैक्सीनेटेड हों।
-एजेंसियां
- आगरा के SN मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों का कमाल: चार वर्षीय मासूम की भोजन नली में पांच दिन से फंसे ₹5 के सिक्के को एंडोस्कोपी से निकाला बाहर - September 19, 2026
- फतेहपुर सीकरी में श्मशान घाट को लेकर उपजा विवाद: टीन शेड डलवाने को लेकर हुए धरने-प्रदर्शन के बाद सांसद राजकुमार चाहर के हस्तक्षेप से निकला समाधान - September 19, 2026
- महाराष्ट्र TET पेपर लीक मामले में बड़ा खुलासा: आगरा की प्रिंटिंग प्रेस से जूतों के सोल में छिपाकर निकाले गए थे प्रश्नपत्र, 3500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल - September 19, 2026