आगरा: आगरा में जैन धर्म के अनुयायियों के लिए गुरुवार का दिन भक्ति और उल्लास से भरा रहा। परम्पराचार्य श्री सौभाग्यसागर जी महाराज और स्थविर संत श्री सुरत्न सागराचार्य जी महाराज का ससंघ मंगल प्रवेश छीपीटोला स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर से ओल्ड ईदगाह कॉलोनी स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर तक हुआ। इस मंगल विहार के दौरान मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने गुरुदेवों का भव्य स्वागत किया।
भक्तिमय माहौल में हुआ मंगल विहार
गुरुवार की सुबह छीपीटोला से जैसे ही आचार्य संघ ने मंगल विहार प्रारंभ किया, पूरा क्षेत्र धर्ममयी हो उठा। श्रद्धालु भक्ति गीतों और जयकारों के साथ आचार्यश्री के साथ चले। मार्ग में कई स्थानों पर पुष्पवर्षा, आरती और पाद प्रक्षालन के साथ भक्तों ने अपनी श्रद्धा प्रकट की। गुरुचरणों के सानिध्य और आशीर्वाद के लिए श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा गया।
धर्मसभा में मिला संस्कारों का मार्गदर्शन
ओल्ड ईदगाह कॉलोनी स्थित मंदिर में भगवान पार्श्वनाथ के दर्शन के बाद आयोजित धर्मसभा को संबोधित करते हुए परम्पराचार्य श्री सौभाग्यसागर जी महाराज ने कहा कि धर्म केवल पूजा-अर्चना का माध्यम नहीं, बल्कि संयम, सदाचार और सेवा का मार्ग है। उन्होंने समाज को संदेश दिया कि श्रमण संस्कृति और प्राचीन तीर्थों की सुरक्षा हम सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि प्रभावक संतों का तीर्थ क्षेत्रों में प्रवास होने से न केवल धर्म की प्रभावना बढ़ती है, बल्कि युवा पीढ़ी में धार्मिक संस्कारों का बीजारोपण भी होता है।
आगामी मंगल विहार की रूपरेखा
मीडिया प्रभारी शुभम जैन ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि आचार्य संघ का अगला मंगल विहार 17 जुलाई को प्रातः 6:00 बजे ओल्ड ईदगाह कॉलोनी स्थित मंदिर से परसपुरी (पश्चिमपुरी) के श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर के लिए होगा। वहां संतवृंद का दो दिवसीय मंगल प्रवास निर्धारित है। इसके पश्चात, आचार्यश्री ससंघ सेक्टर-7 स्थित श्री दिगम्बर जैन मंदिर की ओर प्रस्थान करेंगे।
कार्यक्रम में ओल्ड ईदगाह और छीपीटोला जैन समाज के पदाधिकारी, महिला मंडल और युवाओं की सक्रिय भागीदारी रही। इस पावन अवसर पर अमित जैन, चन्द्रदीप जैन, अजय जैन, बबली जैन, सोनू जैन, अशोक जैन सहित जैन समाज के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में भक्तजन उपस्थित रहे।
- आगरा दीवानी कचहरी में ‘भीम युवा एडवोकेट एसोसिएशन’ का गठन: सिकंदर सेहरा अध्यक्ष और देव गौतम महासचिव निर्वाचित - July 17, 2026
- बुलंदशहर मेंसिपाही की आत्महत्या पर आगरा में हंगामा: परिजनों ने की मुकदमा दर्ज करने की मांग, अंतिम संस्कार से किया इनकार - July 17, 2026
- फतेहपुरसीकरी में स्कूल प्रबंधक की कार से कुचलकर मौत, पुरानी रंजिश में सुनियोजित हमले का आरोप, ग्रामीणों का फूटा आक्रोश - July 17, 2026