Agra News: टीयर्स के 35वें स्थापना दिवस पर ‘प्रधानमंत्री दिव्याशा केंद्र’ का शुभारंभ, दिव्यांगजनों को मिलेंगी विशेष सुविधाएं

PRESS RELEASE

आगरा। टीयर्स (TEARS) संस्था के 35वें स्थापना दिवस के पावन अवसर पर रविवार को दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण और उनके पुनर्वास की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया। आगरा में ‘प्रधानमंत्री दिव्याशा केंद्र’ का भव्य शुभारंभ हुआ, जिसका उद्घाटन केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने फीता काटकर किया। यह केंद्र दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने में एक मील का पत्थर साबित होगा।

दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध: प्रो. बघेल

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि दिव्यांगजनों का कल्याण, उनका पुनर्वास और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने टीयर्स संस्था के 35 वर्षों के सेवा-कार्य की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि संस्था ने निस्वार्थ भाव से जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है। मंत्री ने संस्था के सभी पदाधिकारियों को स्थापना दिवस की बधाई दी और भविष्य में भी इसी निष्ठा के साथ समाज सेवा में जुटे रहने के लिए प्रेरित किया।

दिव्याशा केंद्र का मुख्य उद्देश्य और सेवाएं

संस्था की निदेशिका डॉ. रीता अग्रवाल ने केंद्र की कार्ययोजना पर प्रकाश डालते हुए बताया कि ‘प्रधानमंत्री दिव्याशा केंद्र’ का मुख्य लक्ष्य दिव्यांगजनों को एक ही छत के नीचे सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने जानकारी दी कि यहाँ दिव्यांगजनों को विशेषज्ञ परामर्श, आवश्यक सहायक उपकरण, पुनर्वास संबंधी सेवाएं और सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ व मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। केंद्र का संकल्प है कि हर दिव्यांगजन को सम्मानजनक जीवन मिले और वे समाज की मुख्यधारा का हिस्सा बनकर स्वावलंबन की ओर बढ़ें।

कार्यक्रम में दिखी गणमान्य लोगों की उपस्थिति

स्थापना दिवस और उद्घाटन समारोह के इस कार्यक्रम में शहर के कई गणमान्य नागरिक और विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। इनमें प्रमुख रूप से एलिम्को (ALIMCO) के नोडल अधिकारी एस.के. रथ, पार्षद प्रवीणा राजावत और गौरव शर्मा, पूर्व विधायक सावित्री कठेरिया, नवीन गौतम, मृनाल अग्रवाल, राजेश गर्ग, सीमा घोष, विनोद अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल तथा दीपक मित्तल शामिल रहे। सभी अतिथियों ने संस्था की इस नई पहल का स्वागत किया और दिव्यांग सेवा के प्रति अपनी एकजुटता प्रदर्शित की।

Dr. Bhanu Pratap Singh