आगरा। आगरा के थाना मंटोला क्षेत्र स्थित सुभाष बाजार में हुए दर्दनाक हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि 60 वर्षीय गंगा देवी दुकान के बाहर बंद शटर के पास बैठी थीं। इसी दौरान अचानक नाले के ऊपर बनी दुकान भरभराकर ढह गई और महिला मलबे के साथ नाले में समा गईं। हादसे के 72 घंटे बीत जाने के बावजूद गंगा देवी का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है।
घटना के बाद से पुलिस, नगर निगम, अग्निशमन विभाग, एसडीआरएफ और पीएसी की टीमें लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। तीसरे दिन भी रेस्क्यू अभियान जारी है। जेसीबी और अन्य भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है, जबकि नाले की भी लगातार तलाश की जा रही है।
गौरतलब है कि भारी बारिश के कारण सुभाष बाजार में नाले के ऊपर बनी दो मंजिला दुकान अचानक ढह गई थी। हादसे के समय गंगा देवी दुकान के बाहर बैठी थीं। दुकान गिरते ही वह मलबे के साथ नाले में समा गईं। घटना के बाद पूरे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई थी।
इस हादसे के बाद नगर निगम हरकत में आ गया है। निगम प्रशासन ने नालों पर बने अवैध निर्माणों और जर्जर भवनों के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू करते हुए 40 भवन स्वामियों और किरायेदारों को नोटिस जारी किए हैं। इनमें सबसे अधिक प्रतिष्ठान हींग की मंडी क्षेत्र के हैं, जहां बड़ी संख्या में दुकानें नालों के ऊपर बनी हुई हैं।
नगर निगम ने संबंधित लोगों को तत्काल प्रभाव से भवनों की मरम्मत कराने, खतरनाक हिस्सों को हटाने और नालों पर हुए अतिक्रमण को समाप्त करने के निर्देश दिए हैं। निगम ने स्पष्ट किया है कि तय समय सीमा के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर प्रशासन स्वयं ऐसे निर्माणों को ध्वस्त करेगा और उसका खर्च भवन मालिकों से वसूला जाएगा।
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि नगर निगम की टीमें लगातार जर्जर भवनों और अवैध निर्माणों की निगरानी कर रही हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई भवन खतरनाक स्थिति में है या नाले पर अवैध निर्माण किया गया है तो इसकी सूचना तत्काल नगर निगम को दें।
नगर निगम के निर्माण विभाग ने उत्तर प्रदेश नगर निगम अधिनियम, 1959 की धारा 331(1) के तहत विभिन्न क्षेत्रों में नोटिस जारी किए हैं। लोहामंडी, हरीपर्वत, छत्ता और ताजगंज जोन में स्थित जर्जर भवनों और नालों पर बने प्रतिष्ठानों को चेतावनी दी गई है। हींग की मंडी में जगदीश डेयरी, प्रिंस ट्रेडर्स, पूजा डेयरी, जैन फुटवियर, सनराइज फुटवियर, ओम ट्रेडर्स और कई अन्य प्रतिष्ठानों को नोटिस भेजा गया है।
उधर, शुक्रवार को प्रभावित कारोबारियों और नगर निगम अधिकारियों के साथ हुई बैठक में जिलाधिकारी मनीष बंसल ने साफ शब्दों में कहा कि नालों के ऊपर अब किसी भी प्रकार का निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नालों पर बने अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई की जाए और भविष्य में इस तरह के हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जाए।
सुभाष बाजार हादसे ने शहर में नालों के ऊपर बने अवैध निर्माणों और जर्जर भवनों की गंभीर समस्या को एक बार फिर उजागर कर दिया है। लगातार बारिश के बीच ऐसे निर्माण लोगों की जान के लिए खतरा बने हुए हैं।
- राम मंदिर दान मामला: कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने भाजपा सरकार को घेरा, बोले- सवालों से भाग रही सरकार, जनता को चाहिए जवाब - July 12, 2026
- Agra News: भारत स्टोर्स की करोड़ों की जमीन हड़पने का आरोप, कोर्ट के आदेश पर 14 लोगों के खिलाफ मुकदमा - July 12, 2026
- आगरा पुलिस को मिली ‘बंधक’ होने की सनसनीखेज कॉल: घंटों तक मची अफरा-तफरी, बाद में निकला फर्जी मामला - July 12, 2026