बाबू जगजीवन राम की 40वीं पुण्यतिथि पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि, आगरा में ‘माल रोड’ का नाम बदलने की उठी पुरजोर मांग

PRESS RELEASE

आगरा। स्वतंत्रता संग्राम के प्रखर सेनानी, पूर्व उपप्रधानमंत्री और वंचितों के सशक्त आवाज रहे बाबू जगजीवन राम की 40वीं पुण्यतिथि पर रविवार को उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। जाटव समाज उत्थान समिति द्वारा बाबू जगजीवन राम पार्क में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में वक्ताओं ने राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान को याद किया और सरकार से उन्हें ‘भारत रत्न’ से अलंकृत करने की मांग प्रमुखता से उठाई।

ऐतिहासिक माल रोड के नामकरण की मांग

श्रद्धांजलि सभा के दौरान कार्यक्रम संयोजक बंगाली बाबू सोनी ने आगरा के ऐतिहासिक माल रोड का नाम परिवर्तित कर ‘बाबू जगजीवन राम मार्ग’ करने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि यह महान जननायक के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। वहीं, सभा की अध्यक्षता करते हुए पूर्व मंत्री गंगा प्रसाद पुष्कर ने बाबूजी के पांच दशक लंबे संसदीय जीवन के कीर्तिमानों को याद करते हुए उन्हें लोकतंत्र का अनूठा स्तंभ बताया।

​’राष्ट्र के प्रति अन्याय है भारत रत्न में देरी’

सभा अध्यक्ष अनिल कुमार संत ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि जीवनभर राष्ट्र और समाज की सेवा करने वाले बाबू जगजीवन राम को अब तक सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ नहीं मिला। उन्होंने इसे राष्ट्र के प्रति अन्याय करार दिया। वहीं, उत्तर प्रदेश निगरानी समिति के सदस्य अनिल सोनी ने राज्य सरकार से उनके सम्मान में एक भव्य स्मारक के निर्माण की मांग की। उन्होंने बताया कि समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण द्वारा घोषित पांच लाख रुपये के विकास कार्यों को एक माह के भीतर पूरा कराने का आश्वासन दिया गया है।

​आधुनिक भारत के शिल्पकार थे ‘बाबूजी’

वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता देवकीनंदन सोन ने बाबूजी के 40 वर्षों के केंद्रीय मंत्री कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने न केवल संविधान निर्माण में महती भूमिका निभाई, बल्कि अनुसूचित जाति के आरक्षण को प्रभावी ढंग से लागू कर करोड़ों वंचितों को मुख्यधारा में जोड़ने का ऐतिहासिक कार्य किया। महामंत्री रूपसिंह सोनी ने कहा कि बाबू जगजीवन राम की प्रशासनिक क्षमता और दूरदृष्टि आज भी देश के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

वृक्षारोपण के साथ दी पुष्पांजलि

कार्यक्रम के समापन पर बाबूजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की गई। इसके बाद पार्क परिसर में वृक्षारोपण किया गया, जो पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ उनके विचारों को आगे बढ़ाने का प्रतीक बना। इस अवसर पर बच्चू सिंह कैथ, सत्य प्रकाश, विनोद आनंद, गया प्रसाद, महेंद्र सिंह, चौधरी मानसिंह, सेवती प्रसाद निम, प्रमोद पिप्पल और नरेश गौतम समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh