अयोध्या। श्री राम जन्मभूमि मंदिर में हुए चढ़ावे की चोरी और चंदा घोटाले का मामला अब राजनीतिक रंग ले चुका है। इस मामले में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की ओर से शुक्रवार को आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने के बाद, शनिवार को समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने तीखा हमला बोला है।
RSS की प्रतिक्रिया: संयम बरतने की अपील
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने इस पूरी घटना को ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ करार दिया है। उन्होंने अपने बयान में कहा, “इस कठिन क्षण में सभी को धैर्य और संयम का परिचय देना चाहिए। हिंदू विरोधी और राष्ट्र विरोधी शक्तियां इस घटना का लाभ उठाकर हिंदू धर्म और समाज को बदनाम करने का षड्यंत्र रच रही हैं, हमें ऐसे मंसूबों को विफल करना होगा।”
अखिलेश यादव का निशाना: ‘सुरंगजीवी’ और ‘महापाप’
RSS के सरकार्यवाह के बयान के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक तीखी पोस्ट साझा की। बिना नाम लिए कटाक्ष करते हुए उन्होंने लिखा, “आख़िरकार सुरंगजीवियों को बाहर आना ही पड़ा, क्योंकि अब अपयश का पानी सुरंग में गले तक भर गया है।”
अखिलेश यादव ने आगे सवाल उठाते हुए कहा, “देशभर के सनातनी पूछ रहे हैं कि हर काम में आगे रहने वाले लोग इस गंभीर मसले पर खुद सामने क्यों नहीं आए? क्या इसमें भी कोई साजिश है ताकि ‘महापाप’ के दोष से खुद को बचाकर दूसरों को फंसाया जा सके?” सपा प्रमुख ने आगे चेतावनी देते हुए कहा, “जो शातिर लोग सेंध लगाकर और बोरी भरकर सुरंग के रास्ते दूर निकल गए हैं, वे याद रखें कि भूमिगत मार्ग के अगले छोर पर ‘सत्य’ उनके पापों की सजा देने के लिए प्रतीक्षा कर रहा है। इन्हें न अयोध्या क्षमा करेगा, न देश और न ही प्रभु, जिनके खजाने को इन्होंने बेरहमी से लूटा है।”
जांच का दायरा बढ़ा, लगातार हो रहे नए खुलासे
राम मंदिर चंदा चोरी मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (SIT) और पुलिस की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। अब तक इस मामले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस इन सभी आरोपियों के बैंक अकाउंट्स की गहनता से जांच कर रही है और उनके संभावित ठिकानों से चोरी की गई रकम की बरामदगी भी की जा रही है। जांच के दौरान हर दिन नए-नए खुलासे सामने आ रहे हैं, जिससे पूरे मामले की गंभीरता बढ़ती जा रही है।
- आगरा में खुद को अधिकारी का ‘स्टेनो’ बताकर लाखों की ठगी: सील दुकान खुलवाने के नाम पर पीड़ित से 1.19 लाख ऐंठे - July 4, 2026
- व्यूज और लाइक्स के लिए परोसी जा रही थी गंदगी; इंस्टाग्राम-फेसबुक पर आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने वाले दो लोगों पर एफआईआर दर्ज - July 4, 2026
- सावधान! ट्रैफिक चालान नहीं भरे तो रद्द होगी आरसी; आगरा पुलिस का 654 वाहन चालकों पर शिकंजा - July 4, 2026