आगरा। निवेश पर रकम दोगुनी करने का लालच देकर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर गिरोह के मास्टरमाइंड को कमला नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
आरोपी सत्यप्रकाश तित्तल, जो एसबीएनएल वर्ल्ड (SBNL World) के नाम पर एक बड़ी धोखाधड़ी को अंजाम दे रहा था, उसे फिरोजाबाद के टूंडला से गिरफ्तार किया गया। आरोपी पर करीब 2.26 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने वर्ष 2023 से 2025 के बीच आगरा के संजय प्लेस में एक कार्यालय खोला था। वहां से वह 15, 19 और 30 महीनों में रकम दोगुनी करने की लुभावनी योजनाओं का प्रचार कर लोगों से करोड़ों रुपये जमा कराता था। समय पूरा होने पर जब निवेशकों को न तो उनका पैसा मिला और न ही लाभांश, तो धोखाधड़ी का यह मामला उजागर हुआ।
गिरफ्तारी के बाद शातिर आरोपी ने बचने के लिए बीमारी का ढोंग रचा और अस्पताल जाने की कोशिश की, लेकिन मेडिकल परीक्षण में उसकी रिपोर्ट पूरी तरह सामान्य पाई गई। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिक कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया।
अधिकारियों के नाम का देता था झांसा
पीड़ितों के अनुसार, आरोपी सत्यप्रकाश तित्तल बेहद शातिर है। वह निवेशकों को अपना विश्वास जीतने के लिए शपथ-पत्र और चेक देता था, लेकिन जांच में पता चला कि जिन अधिवक्ताओं के माध्यम से शपथ-पत्र सत्यापित कराए गए थे, उनकी काफी समय पहले मृत्यु हो चुकी थी।
चर्चा है कि इस गिरोह ने एक अधिकारी की पत्नी से भी 9 करोड़ रुपये की ठगी की है, हालांकि लोक-लज्जा और डर के कारण वह कानूनी कार्रवाई से बच रही हैं। आरोपी अपने प्रभाव को साबित करने के लिए बाउंसरों के साथ चलता था और लग्जरी लाइफ जीता था।
अन्य थानों में भी दर्ज हैं मुकदमे
सत्यप्रकाश तित्तल के खिलाफ हरीपर्वत थाने में भी 4 जून को एक मुकदमा दर्ज है। संजय दिवाकर नामक व्यक्ति ने आरोप लगाया था कि आरोपी ने प्लॉट के नाम पर उनसे 48 लाख रुपये की ठगी की। कमला नगर पुलिस अब इस मामले में उसकी पत्नी वर्षा तित्तल, भतीजे विक्रांत, विशाल, युवराज सिंह, सपना सिंह, राहुल सोनी और कुसुम लता सोनी सहित अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
इंस्पेक्टर पवन सैनी ने बताया कि फरार आरोपियों के विदेश भागने की आशंका के चलते पुलिस पूरी सतर्कता बरत रही है और दबिश दी जा रही है।
- हल्द्वानी में शुद्धिकरण हवन पर सियासी विवाद गहराया: रैली के बाद मैदान साफ करने वाले युवक ने राहुल गांधी के खिलाफ कोतवाली में दी तहरीर, मुकदमा दर्ज करने की मांग - August 30, 2026
- लखनऊ में हिंदु युवा वाहिनी के मंडल प्रभारी धीरेंद्र प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या, दुबग्गा में नहर के पास मिला शव - August 30, 2026
- Agra News: राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग खिलाड़ी और शिक्षिका का दर्द; पति पर होटल में बुलाकर चाकू से वार करने और जलती सिगरेट से दागने का गंभीर आरोप - August 30, 2026