Agra, Uttar Pradesh, India. डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के बाग फरजाना स्थित नवनिर्मित परिसर संस्कृति भवन में आर्ट गैलरी का उद्घाटन कुलपति प्रोफेसर विनय कुमार पाठक ने किया। कुलपति ने कैंपस में बने संस्कृति हॉल का भी शुभारंभ किया। समारोह का प्रारंभ ललित कला संस्थान के विद्यार्थियों ने स्वागत गान से किया। उनके प्रदर्शन से प्रभावित कुलपति ने विद्यार्थियों को अपना एक बैंड तैयार करने का सुझाव दिया। ललित कला संस्थान तो संस्कृति भवन में स्थानांतरित हो चुका है। इतिहास एवं संस्कृति विभाग तथा पर्यटन एवं होटल प्रबंध संस्थान (आईटीएचएम) शीघ्र ही संस्कृति भवन में आएंगे।
कुलपति ने आर्ट गैलरी का निरीक्षण किया। यहां प्रदर्शित पेंटिंग्स को सराहा। उन्होंने संस्थान निदेशक प्रो. इंदु जोशी को निर्देश दिए कि इस आर्ट गैलरी से स्थानीय कलाकारों और आर्टिस्ट को जोड़ा जाए। उनकी कलाकृतियों को प्रदर्शित किया जाए। विधार्थियों को आगरा घराना और हरिदास जी के बारे में बताएं। उन्होंने निर्देश दिए कि यहां पर छोटे-छोटे कैप्सूल कोर्स शुरू किए जाएं ताकि विभिन्न क्षेत्रों के लोग जो कला में रुचि रखते हैं, वह भी उन पाठ्यक्रमों का लाभ उठा सकें।

कुलपति ने संस्थान को यह भी निर्देश दिए हैं कि आर्ट गैलरी को वीकेंड में भी खोला जाए ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। संस्थान का साप्ताहिक अवकाश अन्य दिन स्थानांतरित किया जा सकता है। कुलपति ने आगे कहा कि इतना खर्चा करने के बाद भी छोटी-छोटी औपचारिकताओं के कारण यह भव्य हॉल प्रयोग में नहीं लाया जा रहा था, इससे विश्वविद्यालय के नुकसान के साथ-साथ विद्यार्थी भी अपना हक पाने से वंचित हो रहे थे। अब उम्मीद है कि यहां विद्यार्थियों को अच्छे परिवेश में अच्छी शिक्षा मिलेगी।
कुलपति ने निर्देश दिए कि संस्कृति भवन में स्थित इंटरनेशनल गेस्ट हाउस को भी प्रयोग में लाया जाए। यहां थ्री स्टार स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके लिए उन्होंने प्रोफ़ेसर लवकुश मिश्रा को निर्देशित किया। उनका कहना था कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति में रोजगारपरक पाठ्यक्रमों का अधिक महत्व हो गया है, अतः इस दृष्टि से नए पाठ्यक्रम तैयार किए जाएं ।

प्रोफेसर प्रदीप श्रीधर ने बताया कि कार्यक्रम में प्रति कुलपति प्रो. अजय तनेजा, प्रोफेसर सुगम आनंद , डीन एकेडमिक प्रो. संजीव कुमार, प्रो. मनोज श्रीवास्तव, प्रो. लवकुश मिश्रा, प्रो. ब्रजेश रावत, प्रो. विनीता सिंह आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
- धार्मिक यात्रा का दुखद अंत: चार दोस्तों के शव घर पहुंचे तो मचा कोहराम, चीख-पुकार से गूंज उठा मोहल्ला - October 25, 2026
- Agra News: महंगे शौक पूरे करने के लिए बना हथियार सप्लायर, 10-10 हजार में खरीदी थीं पिस्तौलें, 12वीं पास आरोपी पकड़ा गया - October 25, 2026
- आगरा के पिनाहट में युवक क्रिस की मौत के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, थाना पिढौरा पुलिस ने गोपालपुरा के पास से पकड़ा - October 25, 2026