खंदौली (आगरा)। खंदौली थाना क्षेत्र के गांव डेरा बंजारा (मौजा गिजौली) में पुलिसिया संरक्षण और दबंगों के आतंक का एक खौफनाक मामला सामने आया है। पुलिस से शिकायत करने की ‘सजा’ देते हुए दबंग पड़ोसियों ने घर में घुसकर एक युवती पर जानलेवा हमला बोल दिया। आरोप है कि हमलावरों ने न केवल युवती के साथ बेरहमी से मारपीट की, बल्कि दराती से उसका कान काट दिया और बचाव करने पर हाथ को दांतों से काटकर लहूलुहान कर दिया।
क्या है पूरा मामला?
पीड़िता की मां शेरून पत्नी इसराइल ने बताया कि रविवार को पड़ोसी भूरी पत्नी आसीन के साथ मामूली बात पर कहासुनी और मारपीट हुई थी। इसकी शिकायत तुरंत खंदौली थाना पुलिस से की गई थी। परिजनों का गंभीर आरोप है कि सोमवार को पुलिस गांव तो पहुँची, लेकिन आरोपी पक्ष का प्रभाव इतना अधिक था कि पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की और वापस लौट गई।
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि आरोपी पक्ष का समधी मोहम्मद रफीक यमुना एक्सप्रेसवे टोल प्लाजा पर पुलिस की बुलेरो गाड़ी चलाता है, जिसकी वजह से आरोपियों को लगातार संरक्षण मिल रहा है। इसी प्रभाव के चलते रविवार को ही मुकदमा दर्ज नहीं किया गया, जिससे दबंगों के हौसले इतने बुलंद हो गए कि उन्होंने अगले ही दिन घर में अकेली युवती को निशाना बना लिया।
घर में घुसकर किया जानलेवा हमला
परिजनों के अनुसार, सोमवार शाम करीब पांच बजे जब युवती ‘गुड़िया’ घर पर अकेली थी, तभी भूरी पत्नी आसीन, मुमताज पत्नी आशू, रेनू पत्नी सारुख, हैदर अली पुत्र मेहंदी हसन, हनीफ पुत्र महरी हसन तथा सारुख पुत्र आसीन ने घर पर हमला बोल दिया। आरोप है कि पहले हमलावरों ने गाली-गलौज की और फिर युवती पर टूट पड़े।
दराती और दांतों से किया घायल
पीड़ित परिवार का आरोप है कि मारपीट के दौरान भूरी ने दराती (धारदार हथियार) से गुड़िया के कान पर जानलेवा वार कर दिया, जिससे उसका कान कटकर अलग हो गया। जब युवती ने अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष किया, तो रेनू ने उसके हाथ को दांतों से बुरी तरह काट लिया। हमलावरों ने युवती की चोटी पकड़कर उसे जमीन पर पटक दिया और जमकर पीटा। युवती की चीखें सुनकर जब आसपास के ग्रामीण दौड़े, तब सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
घायल अवस्था में परिजन गुड़िया को लेकर खंदौली थाने पहुंचे, जहां से उसे मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल आगरा भेजा गया है। पीड़ित परिवार का साफ कहना है कि यदि पुलिस ने रविवार को ही एफआईआर दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की होती, तो सोमवार को उनकी बेटी के साथ यह बर्बरता नहीं होती।
प्रभारी निरीक्षक का बयान
इस मामले पर खंदौली के प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह ने कहा, “रविवार को महिलाओं के बीच विवाद हुआ था। पुलिस की गाड़ी चलाने वाले मोहम्मद रफीक का इसमें नाम सामने आया है। घायल युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।”
- शादी वाले घर में मातम: आगरा के फतेहाबाद में चचेरी बहन की विदाई से पहले युवक ने दी जान, नीम के पेड़ से लटका मिला शव - June 23, 2026
- आगरा में सड़क हादसों का ‘ब्लैक ट्यूजडे’: तीन अलग-अलग दुर्घटनाओं में 7 लोग घायल, 3 की हालत गंभीर - June 23, 2026
- अखिलेश यादव का योगी सरकार पर तंज: कहा- भाजपाइयों के महापाप की परतें खुल रही हैं, अब ढंकने की तैयारी शुरू - June 23, 2026