मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को हमीरपुर में ₹636 करोड़ से अधिक की 75 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर जिले को नई गति दी। इस भव्य आयोजन में मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को टूल किट, प्रमाण-पत्र, चेक और लैपटॉप वितरित कर उनके सशक्तिकरण की दिशा में कदम बढ़ाए।
‘बुंदेलखंड की बदली तस्वीर’
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में पिछले 9-12 वर्षों में आए बदलाव का जिक्र करते हुए कहा कि पहले बुंदेलखंड में कनेक्टिविटी का अभाव था, सड़कें गड्ढों में तब्दील थीं और पेयजल संकट से लोग जूझ रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ‘हर घर नल से जल’ योजना ने व्यापक परिवर्तन ला दिया है। सीएम ने कहा, “अब हमीरपुर और बुंदेलखंड की पहचान संकट में नहीं है, अब यहां की नई पहचान विकास और सुरक्षा है।”
माफियाओं पर प्रहार
मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के दौर में हर जनपद में माफिया हावी थे, जो गरीबों की जमीनों पर कब्जा करते थे, अवैध खनन करते थे और व्यापारियों व बेटियों की सुरक्षा के लिए खतरा बने हुए थे। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा, “वे माफिया जो पुलिस पर हमला करते थे, आज या तो मिट्टी में मिल गए हैं या फिर जेल में हैं।”
रक्षा उत्पादन और आत्मनिर्भरता
सीएम योगी ने गर्व के साथ बताया कि आज प्रधानमंत्री के प्रयासों से यूपी में डिफेंस कॉरिडोर के जरिए गोला-बारूद, तोप और मिसाइलों का निर्माण हो रहा है। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का हवाला देते हुए भारतीय सेना की स्वदेशी रक्षा क्षमता की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने जातिवाद और परिवारवाद की राजनीति को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि विपक्षी दलों के लिए सत्ता का अर्थ केवल अपने परिवार का पेट भरना है, जबकि भाजपा के लिए 140 करोड़ देशवासी और 25 करोड़ उत्तर प्रदेश के लोग ही एक परिवार हैं।
- सरेराह दबंगई: आगरा में भाजपा विधायक के नाती के साथ मारपीट और लूटपाट, 65 हजार रुपये छीने; पुलिस जांच में जुटी - June 24, 2026
- आगरा-मथुरा हाइवे पर चलते-चलते निकले रोडवेज बस के पहिए, रुनकता के पास पलटी बस; कई यात्री घायल - June 24, 2026
- Agra News: पक्की सराय हादसे में मकान मालिक समेत 7 पर FIR, जर्जर छज्जा गिरने से गई थी दो लोगों की जान - June 24, 2026