आगरा। नाई की मंडी स्थित कटरा हाथी शाह का ऐतिहासिक श्री प्रेमनिधि मंदिर इन दिनों भक्ति और उमंग के केंद्र में है। यहाँ चल रहे श्री पुरुषोत्तम (अधिक मास) मनोरथ महोत्सव के अंतर्गत शनिवार को ‘खिचड़ी उत्सव’ का भव्य आयोजन किया गया, जिसने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
इस पावन अवसर पर ठाकुर श्री श्याम बिहारी (श्री बड़े गोविन्द) जी महाराज का दिव्य शृंगार किया गया और उन्हें शाही खिचड़ी का विशेष राजभोग अर्पित किया गया। सुबह से ही मंदिर में दर्शन करने वालों का तांता लगा रहा।
मंदिर के मुख्य सेवाधिकारी हरिमोहन गोस्वामी ने इस उत्सव के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पुष्टिमार्गीय सेवा पद्धति में खिचड़ी उत्सव का अपना विशिष्ट स्थान है। यद्यपि यह उत्सव मुख्य रूप से शीतकाल की सेवाओं का हिस्सा है, किंतु पुरुषोत्तम मास में प्रभु को सुखद अनुभूति कराने के भाव से वर्ष भर के समस्त उत्सवों का आनंद एक साथ मनोरथ के रूप में लिया जाता है। खिचड़ी उत्सव वास्तव में जीव और परमात्मा के बीच के उस निर्मल, सहज और निश्चल प्रेम का प्रतीक है, जो हर प्रकार के आडंबर से मुक्त है।
सेवाधिकारी सुनीत गोस्वामी ने बताया कि उत्सव के लिए ठाकुर जी को विशेष वस्त्रों और आभूषणों से सजाया गया। राजभोग में जो शाही खिचड़ी तैयार की गई थी, वह शुद्ध घी और मेवों—काजू, बादाम, पिस्ता, किशमिश और केसर के मेल से बनी थी, जिसकी सुगंध से पूरा मंदिर परिसर महक उठा। इसके साथ ही विभिन्न प्रकार के शाक, कढ़ी, मूंग दाल के बड़े, कुरकुरे पापड़ और विशेष आचार सहित पुष्टिमार्गीय परंपरा के अनुरूप अन्य व्यंजन भी प्रभु को निवेदित किए गए।
मंदिर प्रशासक दिनेश पचौरी ने जानकारी दी कि 17 मई से शुरू हुआ यह भक्तिमय आयोजन अब अपने समापन की ओर अग्रसर है। महोत्सव का विधिवत समापन आगामी 15 जून को होगा। भक्तों की भारी भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा, पेयजल और सुगम दर्शन के व्यापक प्रबंध किए हैं।
इस भव्य खिचड़ी उत्सव के मुख्य चरण सेवक अशोक कुमार प्रजापति रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में दीपक प्रजापति, मानवेंद्र सिंह, सचेंद्र शर्मा, अंकित शर्मा, आदित्य, रानू, सागर, विशाल, गिरधारी, राहुल और हर्षुल समेत अनेक भक्तों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। महाआरती के बाद उपस्थित सभी भक्तों के बीच खिचड़ी और अन्य प्रसादी का वितरण किया गया, जिसे पाकर श्रद्धालु धन्य हो गए।
- आगरा में खौफनाक वारदात: बाह में ज्वेलर्स के घर डाका, बिजली काटकर परिवार को बनाया बंधक - June 15, 2026
- आगरा में बड़ा हादसा टला: ईदगाह बस स्टैंड के पास चलती बस में लगी भीषण आग, चालक की सूझबूझ से 50 से अधिक यात्रियों की बची जान - June 15, 2026
- Agra News: डीईआई शोध छात्रा ने सल्फास खाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस - June 15, 2026