नई दिल्ली: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी और चुनाव आयोग (EC) पर गंभीर आरोप लगाते हुए आगामी चुनावों की निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं। राहुल गांधी ने एक तीखे बयान में कहा कि ‘वोट चोरी’ और ‘सरकार चोरी’ के बाद अब भाजपा और चुनाव आयोग की जुगलबंदी ने ‘सीट चोरी’ का नया खेल शुरू कर दिया है, जिससे चुनाव प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही उसका मुकाबला खत्म हो चुका है।
राहुल गांधी ने हाल ही में हुए राज्यसभा चुनावों का उदाहरण देते हुए इस पूरे प्रकरण को एक सुनियोजित साजिश करार दिया। उन्होंने बताया कि कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन ने सभी आवश्यक दस्तावेज सही ढंग से जमा किए थे और उन पर कोई भी आपराधिक मामला लंबित नहीं था, इसके बावजूद भाजपा की एक निराधार आपत्ति पर उनके नामांकन को आनन-फानन में रद्द कर दिया गया।
इसके विपरीत, उन्होंने भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उनके फॉर्म में नाम की वर्तनी गलत थी और कई जरूरी जानकारियां भी गायब थीं। राहुल के अनुसार, इसके बावजूद चुनाव आयोग ने न केवल उन्हें मौका दिया, बल्कि खामियों को सुधारने के लिए अतिरिक्त समय भी प्रदान किया।
राहुल गांधी ने इस भेदभाव पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव आयोग एक ही है, लेकिन दो उम्मीदवारों के लिए अलग-अलग नियम अपनाए जा रहे हैं। एक को बिना सुनवाई के अयोग्य घोषित कर दिया गया, जबकि दूसरे को नियमों के उल्लंघन के बावजूद लाभ पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि जब कांग्रेस ने इस मामले को लेकर चुनाव आयोग से बैठक की मांग की, तो पहले टालमटोल की गई और जब अंततः मुलाकात हुई, तो आयोग के पास कोई स्पष्ट जवाब नहीं था।
अंत में राहुल गांधी ने चेतावनी देते हुए कहा कि आने वाले समय में जनता को ऐसी और भी घटनाएं देखने को मिल सकती हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के लिए अब चुनाव जीतने के बजाय चुनाव में धांधली करना कहीं अधिक आसान हो गया है।
- हंसी, डर और भावनाओं का अनोखा संगम: ‘घूंघट’ फिल्म में पहली बार हॉरर-कॉमेडी जॉनर में नजर आएंगी ईशा देओल - June 12, 2026
- अब बच्चे बनेंगे रेडियो जॉकी! किड्ज़ेनिया में शुरू हुआ बिग एफएम का अनोखा मिनी रेडियो स्टेशन - June 12, 2026
- 50 मिलियन डॉलर का हैंडबैग और ग्लोबल स्टारडम, जेम्स बॉन्ड इवेंट में उर्वशी रौतेला ने लूटी महफिल - June 12, 2026