आगरा। ताजनगरी में ‘रक्षक’ ही ‘भक्षक’ बन गया है। आगरा कमिश्नरेट के न्यू आगरा थाने में तैनात दरोगा लोकेश भाटी पर अपनी ही पत्नी को जहर देकर जान से मारने की कोशिश का संगीन आरोप लगा है। मामला केवल घरेलू हिंसा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसमें थाना प्रभारी (SHO) की संदेहास्पद भूमिका और रसूख के दम पर इंसाफ दबाने की कोशिशों ने खाकी को कटघरे में खड़ा कर दिया है। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी दरोगा को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है।
1 करोड़ का दहेज भी पड़ा कम, अब चाहिए फॉर्च्यूनर और फ्लैट
फरीदाबाद निवासी मीनाक्षी की शादी 2021 में लोकेश भाटी से हुई थी। परिजनों का दावा है कि शादी में स्कॉर्पियो कार समेत करीब 1 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। बावजूद इसके, दरोगा लोकेश का लालच कम नहीं हुआ। वह लगातार पत्नी पर मायके से फॉर्च्यूनर कार और एक फ्लैट दिलाने का दबाव बना रहा था। असमर्थता जताने पर मीनाक्षी को नर्क जैसी प्रताड़ना झेलनी पड़ रही थी।
कमरे में बंद कर पिलाई ‘कड़वी दवा’
पीड़िता ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि विवाद के दौरान लोकेश हिंसक हो गया और उसकी छाती पर बैठकर मारपीट की। जब किराएदारों ने बीच-बचाव किया, तो वह माफी मांगकर उसे कमरे के अंदर ले गया और दरवाजा बंद कर लिया। आरोप है कि वहां लोकेश ने उसे जबरन एक कड़वी दवा पिलाई, जिसके बाद मीनाक्षी की हालत बिगड़ने लगी और उसे उल्टियां शुरू हो गई। पड़ोसियों ने उसे आनन-फानन में अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
SHO की कार्यशैली पर सवाल: ‘दरोगा है, कुछ नहीं बिगाड़ पाओगी’
इस मामले में सबसे चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब पीड़िता ने न्यू आगरा थाना प्रभारी योगेश नागर पर गंभीर आरोप लगाए। मीनाक्षी का दावा है कि जब उसने न्याय की गुहार लगाई, तो SHO ने मदद करने के बजाय कहा— “लोकेश दरोगा है, तुम उसका कुछ नहीं बिगाड़ पाओगी… क्यों उसकी नौकरी के पीछे पड़ी हो?” इस बयान ने पुलिस की निष्पक्षता पर बड़ा सवालिया निशान लगा दिया है।
अवैध संबंध और देवर की बदतमीजी
मीनाक्षी ने केवल पति ही नहीं, बल्कि अपने देवर गोलू पर भी छेड़छाड़ और अभद्रता के आरोप लगाए हैं। साथ ही, लोकेश भाटी के अन्य महिलाओं के साथ अवैध संबंध होने की बात भी सामने आई है। पीड़िता का कहना है कि लोकेश उसे अक्सर तलाक की धमकी देता था और कहता था कि वह किसी नौकरी पेशा लड़की से शादी करेगा।
कार्रवाई की तैयारी
फिलहाल दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों पक्षों में समझौते के प्रयास चल रहे हैं, लेकिन यदि कल तक सहमति नहीं बनी, तो दरोगा लोकेश भाटी के खिलाफ हत्या के प्रयास और दहेज उत्पीड़न की संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज होना तय है।
- आगरा में इंसानियत शर्मसार: नाबालिग को पिज़्ज़ा खिलाने के बहाने होटल ले गया दरिंदा, किया दुष्कर्म; सिकंदरा पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा - March 31, 2026
- आगरा में इंसानियत शर्मसार: नाबालिग को पिज़्ज़ा खिलाने के बहाने होटल ले गया दरिंदा, किया दुष्कर्म; सिकंदरा पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा - March 31, 2026
- आगरा पुलिस की ‘सर्जिकल स्ट्राइक’: 2 किलो चरस के साथ शातिर तस्कर दबोचा - March 31, 2026