यूपी में मौसम का ‘यू-टर्न’: 26 और 28 मार्च को फिर भीगेंगे पश्चिमी जिले, झुलसाने वाली गर्मी से अभी राहत

REGIONAL

लखनऊ/आगरा: उत्तर प्रदेश में मार्च के महीने में मौसम का उतार-चढ़ाव लगातार जारी है। सोमवार को सक्रिय हुए एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के चलते आगरा, मेरठ, मुरादाबाद और बरेली जैसे पश्चिमी जिलों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। बादलों की इस आवाजाही ने तापमान को सामान्य से नीचे ला दिया है, जिससे फिलहाल प्रदेशवासियों को चुभती गर्मी से राहत मिली हुई है।

बरेली में सबसे ठंडा दिन, अयोध्या में ठंडी रात

​मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को 24.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ बरेली प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा। वहीं, रात के तापमान की बात करें तो अयोध्या और बुलंदशहर में न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे यहाँ रात में हल्की गुलाबी ठंड का अहसास बना हुआ है।

अगले 48 घंटे: बढ़ेगी धूप की तपिश

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के अनुसार, मंगलवार और बुधवार को मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने के आसार हैं।
​तापमान में उछाल की संभावना है जिससे अगले दो दिनों में तेज धूप निकलने के कारण अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी देखी जा सकती है। मंगलवार से कुछ जिलों में तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।

​26 और 28 मार्च को फिर होगी बारिश

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश में जल्द ही दो नए पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाले हैं 26 मार्च को एक नया विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका मुख्य असर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में देखने को मिलेगा। यहाँ हल्की बूंदाबांदी की संभावना है।

28 मार्च को यह विक्षोभ अधिक प्रभावशाली होगा, जो पूरे प्रदेश (पूर्वी और पश्चिमी दोनों संभागों) को प्रभावित करेगा। इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के संकेत हैं।

किसानों के लिए सलाह

मौसम में आ रहे इस बदलाव और बारिश की संभावना को देखते हुए कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को तैयार फसलों की कटाई और मड़ाई के कार्य में सावधानी बरतने की सलाह दी है। 28 मार्च की बारिश गेहूं और सरसों जैसी फसलों के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो सकती है।

Dr. Bhanu Pratap Singh