आगरा। ताजनगरी में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस विभाग ने अब तक की सबसे बड़ी घेराबंदी शुरू कर दी है। आगरा विकास प्राधिकरण (ADA) के सचिव के पूर्व निजी सहायक (PA) हरिओम शर्मा के घर और होटल पर विजिलेंस की टीम ने एक साथ छापेमारी की। आय से अधिक संपत्ति के मामले में हुई इस कार्रवाई से पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। विजिलेंस की टीम हरिओम शर्मा के ठिकानों पर संपत्तियों के दस्तावेज, बैंक रिकॉर्ड और वित्तीय निवेश की बारीकी से पड़ताल कर रही है।
होटल और ताजनगरी फेस-2 के ठिकानों पर दबिश
सूत्रों के मुताबिक, हरिओम शर्मा के खिलाफ लंबे समय से गोपनीय जांच चल रही थी। विजिलेंस ने उनके होटल और ताजनगरी फेस-2 स्थित आवास समेत अन्य ठिकानों पर धावा बोला। जांच टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पद पर रहते हुए शर्मा ने अपनी घोषित आय से कितने गुना अधिक संपत्ति अर्जित की। छापेमारी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और बेनामी संपत्तियों के सुराग मिलने की भी चर्चा है।
60 से अधिक अधिकारी रडार पर, 40 मामलों की जांच पूरी
विजिलेंस की यह कार्रवाई तो महज एक शुरुआत है। जानकारी के अनुसार, आगरा में भ्रष्टाचार से जुड़े 40 से अधिक मामलों की प्रारंभिक जांच विजिलेंस ने पूरी कर ली है। इन मामलों में 60 से ज्यादा अधिकारी और कर्मचारी सीधे तौर पर जांच के घेरे में हैं। विजिलेंस ने अपनी रिपोर्ट शासन को भेज दी है और अब बस एफआईआर (FIR) दर्ज करने की अनुमति का इंतजार है।
इन विभागों में मची है खलबली
विजिलेंस के रडार पर आगरा के कई महत्वपूर्ण विभाग हैं। सूत्रों की मानें तो जांच के दायरे में आने वाले प्रमुख विभाग इस प्रकार हैं:
शिक्षा विभाग व स्वास्थ्य विभाग
पीडब्ल्यूडी (PWD) व राजस्व विभाग
पुलिस विभाग व स्थानीय निकाय
शासन की अनुमति मिलते ही शुरू होगी गिरफ्तारियां
विजिलेंस के उच्चाधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के कई गंभीर मामलों में मुकदमा दर्ज करने की संस्तुति पहले ही की जा चुकी है। शासन से ‘ग्रीन सिग्नल’ मिलते ही बड़े पैमाने पर गिरफ्तारियां और संपत्तियों की कुर्की की कार्रवाई देखने को मिल सकती है। विजिलेंस की इस प्रचंड सक्रियता ने ताजनगरी के सरकारी कार्यालयों में तैनात भ्रष्ट अफसरों की रातों की नींद उड़ा दी है।
- आगरा नगर निगम पर गंभीर आरोप: अवैध तोड़फोड़ के खिलाफ पीड़ित परिवार ने खोला मोर्चा, हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया - July 16, 2026
- आगरा विशाल सैफायर लायंस क्लब की नई टीम का गठन, सीए राकेश अग्रवाल को मिली 50वें वर्ष की कमान - July 16, 2026
- ‘छात्रों की गूंज’ एंथम के साथ कांग्रेस का युवा संकल्प: राहुल गांधी बोले—’जब तक छात्रों को नहीं मिलेगा न्याय, तब तक जारी रहेगा संघर्ष’ - July 16, 2026