आगरा,। ताजनगरी के थाना शाहगंज अंतर्गत दौरेठा क्षेत्र में पेट्रोल डालकर जलाए गए 35 वर्षीय ऑटो चालक चांद उर्फ सद्दाम की बुधवार रात उपचार के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। गुरुवार सुबह परिजनों ने पुलिस पर आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए शव को बीच सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया, जिससे काफी देर तक आवागमन बाधित रहा।
क्या है पूरा मामला?
स्वरूप कॉलोनी निवासी चांद उर्फ सद्दाम ऑटो चलाकर परिवार पालता था। मृतक की बहन निशा के अनुसार, आजमपाड़ा निवासी शबनम नामक महिला अपने पति की मौत के बाद चांद के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। करीब 15 दिन पहले शबनम ने अपने देवर सोनू खान उर्फ अल्ली से निकाह कर लिया। इसके बाद वह चांद पर पुराने फोटो और वीडियो डिलीट करने का दबाव बनाने लगी। उसे शक था कि चांद उसके वीडियो वायरल कर सकता है।
सवारी छोड़कर लौटते समय दी दर्दनाक मौत
पिछले गुरुवार की रात जब चांद सवारी छोड़कर लौट रहा था, तभी शबनम, उसके नए पति सोनू और अन्य साथियों ने उसे दौरेठा में घेर लिया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने उसे ऑटो से बाहर खींचा और पेट्रोल डालकर आग लगा दी। 80 प्रतिशत झुलसने के बावजूद चांद ने भागकर पड़ोसियों के दरवाजे खटखटाए। सीसीटीवी कैमरे में यह खौफनाक मंजर कैद हुआ है। सात दिन तक आईसीयू में जिंदगी और मौत के बीच जूझने के बाद बुधवार रात चांद ने दम तोड़ दिया।
परिजनों का हंगामा और पुलिस की कार्रवाई
गुरुवार सुबह परिजनों ने कार्रवाई की मांग को लेकर जाम लगा दिया। मृतक के भाई शब्बीर का गंभीर आरोप है कि पुलिस ने आरोपी शबनम और नगीना को पकड़ा था, लेकिन बिना कार्रवाई के छोड़ दिया। मौके पर पहुंचे सहायक पुलिस आयुक्त (लोहामंडी) गौरव कुमार ने परिजनों को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम खुला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दे रही है।
- आगरा कैंट पर आरपीएफ जवान बना ‘देवदूत’: चलती पंजाब मेल के नीचे जा रहे यात्री को मौत के मुंह से खींच निकाला - March 5, 2026
- खाकी के रंग, होली के संग: आगरा में पुलिसकर्मियों ने अनोखे अंदाज में मनाया रंगोत्सव, ढोल-नगाड़ों पर जमकर थिरके - March 5, 2026
- आगरा की ‘रंगीन’ होली: दो दिन में 37 करोड़ की शराब गटक गए शहरवासी, गुझिया और मिठाई का भी टूटा रिकॉर्ड - March 5, 2026