आगरा: ताजनगरी में बिजनेस के नाम पर धोखाधड़ी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक शातिर जालसाज ने खुद को बड़ी कंपनियों का सिंडिकेट बताकर एक युवक को ट्रांसपोर्ट व्यवसाय का सपना दिखाया और देखते ही देखते 9 लाख रुपये डकार लिए। ठगी का शिकार हुए इशांत चौधरी की शिकायत पर थाना सिकंदरा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भरोसे का कत्ल: फर्जी दस्तावेज और ‘मायाजाल’
पीड़ित इशांत चौधरी के मुताबिक, आरोपी अमित कुमार लाटा ने खुद को नामी फैक्ट्रियों और बड़ी कंपनियों का खास आदमी बताया। उसने फर्जी कॉन्ट्रैक्ट पेपर दिखाकर इशांत को भरोसा दिलाया कि वह उसे ट्रांसपोर्ट का बड़ा काम दिला देगा। इस झांसे में आकर पीड़ित ने जीएसटी, ऑनलाइन ट्रांसफर और कैश के जरिए करीब 9 लाख रुपये आरोपी को सौंप दिए।
दस्तावेज लेकर रफूचक्कर हुआ शातिर
हैरानी की बात यह है कि आरोपी न सिर्फ पैसे लेकर भागा, बल्कि वह बिजनेस से जुड़े जरूरी बिल और कानूनी दस्तावेज भी अपने साथ ले गया। पीड़ित का आरोप है कि इस पूरी साजिश में कुछ कंपनियों के कर्मचारी भी शामिल हो सकते हैं, जिन्होंने अमित की बातों पर मुहर लगाकर उसे फंसाने में मदद की।
8 दिसंबर से मोबाइल बंद, तलाश जारी
ठगी का अहसास तब हुआ जब 8 दिसंबर के बाद से अमित कुमार लाटा का मोबाइल बंद आने लगा और वह अपने ठिकानों से गायब हो गया। काफी तलाश के बाद जब कोई सुराग नहीं मिला, तो पीड़ित ने पुलिस की शरण ली। सिकंदरा पुलिस अब ट्रांजेक्शन डिटेल्स और कॉल रिकॉर्ड्स के जरिए आरोपी की लोकेशन ट्रेस करने में जुटी है।
- आगरा: किरावली तहसील में फरियादी की पिटाई करने वाला लेखपाल निलंबित, अब एफआईआर की मांग पर अड़े किसान - June 22, 2026
- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस: आगरा में योग से संवर रहा ऑटिज्म से प्रभावित बच्चों का जीवन, ‘अध्यान्त फाउंडेशन’ ने आयोजित किया विशेष शिविर - June 22, 2026
- सांसद राजकुमार चाहर का ‘विकास मॉडल’: 5 करोड़ की योजनाओं के भूमि पूजन की जिम्मेदारी दी कार्यकर्ताओं को, समाजसेवी रतिराम पंडित बने मुख्य अतिथि - June 22, 2026