आगरा: ताजनगरी के प्रतापपुरा क्षेत्र में शनिवार को मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान एक भीषण हादसा हो गया। एमजी रोड पर खुदाई कर रही एक विशालकाय क्रेन अचानक अनियंत्रित होकर एक रिहायशी मकान और उसमें स्थित शराब के ठेके पर जा गिरी। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया, हालांकि गनीमत रही कि मकान के पिछले हिस्से में सो रहा परिवार बाल-बाल बच गया।
25 फीट ऊंची क्रेन का पहिया धंसने से हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हादसा मशहूर देवीराम हलवाई की दुकान के पास हुआ। करीब 25 फीट ऊंची क्रेन मेट्रो पिलर के लिए खुदाई कर रही थी, तभी अचानक उसका एक पहिया जमीन में धंस गया। मशीन का संतुलन बिगड़ते ही वह करुणा नगर निवासी प्रभुकांत नागर के मकान पर गिर गई। मकान के अगले हिस्से में संचालित शराब का ठेका मशीन के वजन से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
धमाके से जागे परिजन, मौके पर पहुंचे अधिकारी
हादसा उस वक्त हुआ जब परिवार के लोग घर के पिछले हिस्से में सो रहे थे। क्रेन गिरने से हुए तेज धमाके की आवाज सुनकर परिजन दहशत में बाहर आए। सूचना मिलते ही पुलिस बल और उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (UPMRC) के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। सुरक्षा की दृष्टि से फिलहाल एमजी रोड के इस हिस्से को ट्रैफिक के लिए बंद कर दिया गया है और क्रेन को हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
- आगरा में विश्व नदी दिवस पर यमुना आरती स्थल पर विशेष गोष्ठी आयोजित, नदी के संरक्षण और प्रदूषण मुक्ति पर हुई गंभीर चर्चा - September 27, 2026
- गृह मंत्री अमित शाह ने साबरमती से देश की पहली एलएनजी ट्रेन को दिखाई हरी झंडी, बोले- ‘पीएम मोदी ने किया रेलवे का कायापलट, 12 साल में भ्रष्टाचार का एक भी दाग नहीं’ - September 27, 2026
- मैनपुरी बेसिक शिक्षा विभाग से 2143 शिक्षामित्रों की फाइलें गायब, महकमे में मचा हड़कंप - September 27, 2026