किसानों को मिलेगा जहरीले पानी से छुटकारा, सांसद राजकुमार चाहर ने दिल्ली की CM से की मुलाकात; आगरा-मथुरा की नहरों में शुद्ध जल का मिला आश्वासन

REGIONAL

नई दिल्ली/आगरा। फतेहपुर सीकरी के सांसद और भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर ने यमुना और आगरा कैनाल में बह रहे नालों के दूषित पानी को लेकर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाकात की। सांसद ने मुख्यमंत्री को तथ्यों के साथ बताया कि कैसे वजीराबाद से ओखला बैराज के बीच गिरने वाले 18 नाले यमुना को ‘जहरीला’ बना रहे हैं, जिससे आगरा-मथुरा के किसान कैंसर और चर्म रोग जैसी गंभीर बीमारियों का शिकार हो रहे हैं।

नालों का ट्रीटमेंट और शुद्ध जल की मांग

सांसद चाहर ने मांग रखी कि ओखला बैराज में गंगा जल के आने के बावजूद नालों की गंदगी पानी को सिंचाई के लायक नहीं रहने देती। उन्होंने वजीराबाद बैराज से कम से कम 354 क्यूसिक स्वच्छ पानी निरंतर छोड़ने का आग्रह किया ताकि यमुना का प्राकृतिक स्वरूप बहाल हो सके।

दिल्ली सरकार का ‘मिशन मोड’ प्लान

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सांसद को आश्वस्त किया कि दिल्ली सरकार यमुना की सफाई के लिए युद्ध स्तर पर काम कर रही है। उन्होंने पत्र के माध्यम से जानकारी दी कि सीवेज ट्रीटमेंट क्षमता को 1500 एमजीडी तक बढ़ाया जा रहा है। नालों की निगरानी के लिए ड्रोन और यमुना की गाद निकालने के लिए फिनलैंड से विशेष मशीनें मंगाई गई हैं। दिल्ली की 1799 कॉलोनियों को 2028 तक पूरी तरह सीवर नेटवर्क से जोड़ दिया जाएगा।

UP-हरियाणा के साथ समन्वय

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यमुना की सफाई के लिए उत्तर प्रदेश और हरियाणा सरकार के साथ तालमेल बिठाकर काम किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही  आगरा और मथुरा की नहरों में स्वच्छ जल उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे फसलों की गुणवत्ता सुधरेगी और किसानों का स्वास्थ्य सुरक्षित रहेगा।

Dr. Bhanu Pratap Singh