सीएम योगी ने सीतापुर से विरोधियों को ललकारा, बोले- बांग्लादेश में हिंदू मर रहे और जातिवादी नेता चुप हैं

REGIONAL

सीतापुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को सीतापुर के शास्त्रीनगर स्थित तपोधाम आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में विपक्ष पर तीखा हमला बोला। मूर्ति स्थापना दिवस और नवनिर्मित सभागार के लोकार्पण के दौरान सीएम योगी ने जनता को आगाह करते हुए कहा कि जो लोग देश को जाति के नाम पर बांट रहे हैं, उनके बहकावे में न आएं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “अगर सनातन कमजोर होगा, तो देश कमजोर होगा।”

बांग्लादेश हिंसा पर घेरा, एकता की अपील

मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का हवाला देते हुए कहा कि बांग्लादेश में दलित और हिंदू मारे जा रहे हैं, लेकिन जाति की राजनीति करने वाले नेता इस पर मौन हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, “भूतकाल में हम बंटे थे, इसलिए कटे थे। आज भी अगर बंट गए तो कटने के लिए तैयार रहना।” उन्होंने जोर दिया कि जो राष्ट्र वर्तमान में सचेत रहता है, भविष्य उसी का सुरक्षित होता है।

मुगल और अंग्रेजों पर निशाना

इतिहास का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि मुगलों ने भारत को लूटा और अंग्रेजों ने हमारी प्राचीन आश्रम पद्धति और आंतरिक ढांचे को नष्ट करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की रही है, जहाँ जीव मात्र के प्रति दया भाव है चाहे वह पहली रोटी गौ माता को देना हो या सांप को दूध पिलाना।

भारत बनेगा दुनिया की तीसरी ताकत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में भारत ने तेजी से प्रगति की है। अब भारत को दुनिया की सबसे बड़ी ताकत बनने से कोई नहीं रोक सकता और जल्द ही हम विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहे हैं।

Dr. Bhanu Pratap Singh