यूपी पुलिस में भारी उलटफेर: 11 जिलों के कप्तान बदले, प्रवीण कुमार बने लखनऊ के नए एडीजी

REGIONAL

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस महकमे में देर रात बड़ा फेरबदल किया। इस बदलाव में कई वरिष्ठ अधिकारियों को प्रोन्नति के साथ नई जिम्मेदारियां दी गईं, वहीं 11 जिलों के एसएसपी और एसपी का तबादला किया गया है।

अयोध्या के आईजी रहे प्रवीण कुमार को प्रोन्नति के बाद लखनऊ जोन का एडीजी बनाया गया है। हाल ही में एडीजी पद पर प्रोन्नत सुजीत पांडेय को अग्निशमन एवं आपात सेवाओं का डीजी नियुक्त किया गया है। वह अब तक एडीजी जोन लखनऊ के पद पर तैनात थे।

डीजीपी मुख्यालय से जारी जानकारी के मुताबिक, ईओडब्ल्यू के आईजी के.एस. इमैन्युअल को डीजीपी का जीएसओ बनाया गया है। कानपुर नगर के संयुक्त पुलिस आयुक्त विनोद कुमार सिंह को भीमराव अंबेडकर पुलिस अकादमी, मुरादाबाद का आईजी नियुक्त किया गया है। गाजियाबाद के अपर पुलिस आयुक्त आलोक प्रियदर्शी को वाराणसी में वही जिम्मेदारी दी गई है।

गोरखपुर के एसएसपी राजकरन नैय्यर को प्रोन्नति के बाद गाजियाबाद का अपर पुलिस आयुक्त बनाया गया है। मिर्जापुर के एसपी सोमेन वर्मा अब अयोध्या परिक्षेत्र के डीआईजी होंगे। लखीमपुर खीरी के एसपी संकल्प शर्मा और मेरठ के एसपी विपिन टाडा को प्रोन्नति देकर कानपुर नगर का संयुक्त पुलिस आयुक्त बनाया गया है।

पीलीभीत के एसपी अभिषेक यादव को एटीएस का डीआईजी, सहारनपुर के एसएसपी आशीष तिवारी को तकनीकी सेवाओं का डीआईजी और पीटीसी मुरादाबाद के एसपी प्रताप गोपेन्द्र यादव को डीआईजी पुलिस मुख्यालय की जिम्मेदारी दी गई है। सम्भल की एएसपी अनुकृति शर्मा को गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट का अपर पुलिस उपायुक्त बनाया गया है।

इन जिलों में नए एसपी

सुलतानपुर के एसपी कुंवर अनुपम सिंह को जौनपुर का एसएसपी बनाया गया है। ख्याति गर्ग को खीरी, चारू निगम को सुलतानपुर और अभिनंदन को सहारनपुर का एसपी बनाया गया है।

डॉ. कौस्तुभ अब गोरखपुर के एसपी होंगे, जबकि अविनाश पांडेय को मेरठ और रवि कुमार को रायबरेली की जिम्मेदारी मिली है। सुकीर्ति माधव को अमेठी का एसपी नियुक्त किया गया है।

इस व्यापक फेरबदल को कानून व्यवस्था और प्रशासनिक जरूरतों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

Dr. Bhanu Pratap Singh