आगरा: रोहता गांव में सोमवार सुबह एक 36 वर्षीय महिला की हत्या का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का खून से सना शव एक मकान की सीढ़ियों के पास पड़ा मिला। सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने सीढ़ियों से खून बहता देखा, जिसके बाद घटना का खुलासा हुआ।
रात 9 बजे घर से निकली थी पूनम
मृतका के परिवार के अनुसार, पूनम रविवार रात करीब 9 बजे किसी काम से घर से निकली थी, लेकिन फिर वापस नहीं लौटी। परिवार रात भर उसकी तलाश करता रहा। सोमवार सुबह जब तलाश तेज हुई, तो बराबर वाले मकान की सीढ़ियों के पास खून का रिसाव देखकर परिजनों का माथा ठनका। पास जाकर देखा तो पूनम का शव पड़ा था।
अकेले ही उठा रही थी तीन बच्चों की जिम्मेदारी
पूनम पिछले 8 वर्षों से अपने पति से अलग रह रही थी (पति फर्रुखाबाद में नौकरी करता है)। वह अपनी मां के साथ रहकर जूते की हील बनाने का मजदूरी का काम करती थी और अपने दो बेटों व एक बेटी का भविष्य संवारने के लिए दिन-रात मेहनत कर रही थी। उसकी हत्या के बाद अब इन मासूम बच्चों के सिर से साया उठ गया है।
पुलिस की जांच और सीसीटीवी पर नजर
वारदात की सूचना मिलते ही एसीपी सदर इमरान अहमद और एडिशनल डीसीपी अक्षय भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस हत्या के कारणों की पड़ताल कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि यह पता चल सके कि पूनम रविवार रात किसके साथ गई थी या उसे वहाँ कौन लेकर आया।
- कैट आगरा की नई कार्यकारिणी का भव्य शपथ ग्रहण: अध्यक्ष रोहित कत्याल के नेतृत्व में व्यापारी जगत ‘विकसित भारत’ के संकल्प को देगा गति - July 12, 2026
- आगरा के श्री मनःकामेश्वर मंदिर का प्रवेश द्वार बना आकर्षण का केंद्र, हाथी घाट पर नवनिर्मित सीमा द्वार का भव्य लोकार्पण - July 12, 2026
- Agra News: उम्मीद की किरण बना ‘श्री गिरिराज जी सेवक मंडल’, विशेष बच्चों के लिए आयोजित शिविर में 300 से अधिक का हुआ उपचार - July 12, 2026