आगरा। ताज प्रेस क्लब में मकर संक्रांति पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ पत्रकार भुवनेश श्रोत्रिय के बड़े भाई अखिलेश श्रोत्रिय एवं कार्यकारिणी सदस्य मनीष जैन की माता जी के आकस्मिक निधन पर शोक श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखकर की गई।
इसके बाद जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर आगरा उत्तर विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे, अपर जिलाधिकारी (प्रोटोकॉल) प्रशांत तिवारी तथा जिला सूचना अधिकारी शीलेंद्र कुमार शर्मा उपस्थित रहे। ताज प्रेस क्लब की नव-निर्वाचित कार्यकारिणी ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं पारंपरिक पटका पहनाकर भव्य स्वागत किया। वहीं क्लब के संस्थापक अध्यक्ष राजीव सक्सेना को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने कहा कि मकर संक्रांति भारतीय संस्कृति, विज्ञान और प्रकृति के समन्वय का प्रतीक पर्व है। सूर्य के मकर राशि में प्रवेश के साथ उत्तरायण का आरंभ होता है, जिससे सकारात्मक ऊर्जा, नवचेतना और समृद्धि का संचार होता है। उन्होंने बताया कि यह पर्व देशभर में अलग-अलग नामों से मनाया जाता है—उत्तर प्रदेश व बिहार में खिचड़ी, पंजाब में लोहड़ी, तमिलनाडु में पोंगल, असम में बिहू, गुजरात में उत्तरायण तथा कर्नाटक में सुग्गी हब्बा—जो भारत की सांस्कृतिक एकता को दर्शाता है।
जिलाधिकारी ने मीडिया की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और पत्रकार समाज व प्रशासन के बीच सेतु का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के साथ-साथ व्यवस्था की कमियों को उजागर कर सुधार की दिशा दिखाना मीडिया की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि खिचड़ी विभिन्न अनाजों के समन्वय से बनती है, जो समाज के सभी वर्गों के बीच समानता, भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है। विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे ने मकर संक्रांति के आध्यात्मिक एवं सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए पत्रकार हित में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के दौरान परंपरागत खिचड़ी वितरण एवं सामूहिक खिचड़ी सहभोज का आयोजन किया गया, जिसमें अतिथियों, पत्रकारों और गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। पूरे आयोजन में सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहा तथा प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और मीडिया के बीच संवाद एवं समन्वय को मजबूती मिली।
यह आयोजन ताज प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनोज मिश्रा के कुशल नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने मकर संक्रांति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए शेर पढ़ा “धूप की तरह सच को हमने सिर पर उठाया है, कलम जब उत्तरायण हुई तो हर अंधेरा घबराया है।”
कार्यक्रम में महासचिव विवेक जैन, कोषाध्यक्ष धीरज शर्मा, उपाध्यक्ष अजेंद्र सिंह ‘अज्जू’ चौहान व आदर्शनंदन गुप्ता, सचिव आलोक द्विवेदी व अनिल राणा सहित कार्यकारिणी सदस्य जगत नारायण शर्मा, मनीष जैन, जय सिंह वर्मा, शरद शर्मा, फरहान खान, राजेश शर्मा समेत अनेक पत्रकार साथियों का सक्रिय सहयोग रहा।
भजन गायन अनामिका मिश्रा द्वारा प्रस्तुत किया गया, वहीं डॉ. के.एन. मिश्रा ने भी गायन किया। कार्यक्रम का सफल संचालन दीपक जैन ने किया। अंत में अध्यक्ष मनोज मिश्रा ने सभी अतिथियों, प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं पत्रकार बंधुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दीं।
- त्योहारी सीजन में डिजिटल पेमेंट करने वालों को बड़ी राहत, यूपीआई पर MDR लागू करने का फैसला फिलहाल टला - October 13, 2026
- कोलकाता में पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से बदसलूकी: कालीघाट दुर्गा पंडाल उद्घाटन के दौरान महिला ने की हमले की कोशिश - October 13, 2026
- मोदी कैबिनेट से एल मुरुगन का इस्तीफा: केंद्रीय राज्यमंत्री और राज्यसभा सदस्यता पद छोड़ संगठन में लौटे - October 13, 2026