आगरा: आगरा मेट्रो और जल निगम के चल रहे कार्यों से आमजन को हो रही समस्याओं को लेकर सोमवार को मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगरा मेट्रो, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग (पीडब्लूडी) और जल निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक की शुरुआत में मेट्रो अधिकारियों ने परियोजना की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। बताया गया कि वर्तमान में माल रोड, एमजी रोड और आगरा–मथुरा हाईवे पर मेट्रो का कार्य प्रगति पर है। कार्य के दौरान यातायात प्रबंधन, प्रदूषण नियंत्रण और जनसुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। इस पर मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि जहां-जहां मेट्रो पिलर का कार्य पूर्ण हो जाए, वहां से तत्काल बैरिकेडिंग हटाई जाए, ताकि यातायात सुचारू बना रहे।
जल निगम के अधिकारियों ने फतेहाबाद रोड पर चल रहे कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि जिन स्थानों पर पाइपलाइन डालने का कार्य पूरा हो चुका है, वहां सड़क का जीर्णोद्धार कराया जा रहा है। इस पर पीडब्लूडी अधिकारियों ने आपत्ति जताते हुए कहा कि सड़क मरम्मत का कार्य गुणवत्तापूर्ण नहीं है। मंडलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क जीर्णोद्धार उच्च गुणवत्ता के साथ कराया जाए। साथ ही कहा कि कार्य पूर्ण होने के बाद पीडब्लूडी और नगर निगम संयुक्त रूप से निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करें कि फतेहाबाद रोड पूरी तरह स्मार्ट रोड के मानकों के अनुरूप बने। जल निगम को यह भी निर्देश दिए गए कि जहां-जहां कार्य पूरा होता जाए, वहां से बैरिकेडिंग हटाई जाए, ताकि जाम की समस्या न बने।
नगर आयुक्त ने मेट्रो निर्माण के चलते क्षतिग्रस्त सड़कों, फुटपाथों, हरियाली, सीवर लाइन और स्ट्रीट लाइट से जुड़ी समस्याओं की ओर ध्यान दिलाया। इस पर मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि मेट्रो, नगर निगम और पीडब्लूडी के अधिकारी मिलकर माल रोड और एमजी रोड का संयुक्त निरीक्षण करें और एक समन्वित कार्ययोजना तैयार करें। उन्होंने कहा कि जो भी पुनरुद्धार कार्य आवश्यक हों, उन्हें मेट्रो विभाग अपने स्तर से समयबद्ध तरीके से पूरा कराए।
बैठक में जल निगम द्वारा यमुना पार, लोहामंडी और दयालबाग क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों को लेकर भी नाराजगी जताई गई। नगर आयुक्त ने बताया कि इन क्षेत्रों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं। सड़कों की खुदाई के बाद गड्ढे खुले छोड़े जा रहे हैं, जबकि यातायात और प्रदूषण नियंत्रण के लिए कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई है। इस पर मंडलायुक्त ने जल निगम अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए चेतावनी दी कि कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार लाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में नगर निगम की जांच में किसी भी प्रकार की कमी पाई गई तो भारी जुर्माने के साथ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अंत में मंडलायुक्त ने पीडब्लूडी अधिकारियों को निर्देश दिए कि नंद टॉकीज से मधुनगर जाने वाली खस्ताहाल सड़क और एमजी रोड पर जगह-जगह बने गड्ढों को प्राथमिकता के आधार पर भरवाकर सड़कों का समुचित जीर्णोद्धार कराया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
- बुजुर्ग महिलाओं का अकेलापन दूर करेगी ‘अखिल भारतीय महिला परिषद’, आगरा में खुलेगा ‘डे केयर’ सेंटर - February 18, 2026
- आगरा में इनकम टैक्स की बड़ी स्ट्राइक: बिल्डर ‘अहिंसा ग्रुप’ के 5 ठिकानों पर रेड, टैक्स चोरी और बेनामी संपत्ति के शक में जांच जारी - February 18, 2026
- Agra News: कमला नगर में होटल स्वामी को कार ने मारी जोरदार टक्कर, हालात गंभीर - February 18, 2026