आगरा। सोने-चांदी के भावों में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव के चलते कर्ज के दबाव में लापता हुए एक सर्राफा व्यापारी को पुलिस ने एत्मादपुर क्षेत्र के एक होटल से बरामद कर लिया। व्यापारी की पत्नी ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना कोतवाली में दर्ज कराई थी। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद व्यापारी को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर नववर्ष से पूर्व एत्मादपुर थाना क्षेत्र में होटलों की सघन चेकिंग का अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में बुधवार रात देवाश पर्ल होटल में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम अंकित अग्रवाल, निवासी लेन गौशाला, पथवारी बेलनगंज, आगरा बताया।
पुलिस को संदेह उस समय और गहरा हो गया, जब उसके दोनों मोबाइल फोन बंद मिले। फोन चार्ज कराकर जब उसकी पत्नी से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि उनके पति 28 दिसम्बर से लापता हैं और इस संबंध में थाना कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई जा चुकी है।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि अंकित अग्रवाल सर्राफे का व्यवसाय करते हैं और हाल के दिनों में सोने-चांदी के दामों में तेज उतार-चढ़ाव के कारण वह कर्ज के दबाव में थे। आशंका जताई गई कि उधारी मांगने वालों से बचने के लिए ही वह होटल में छिपकर रह रहे थे।
पुलिस की सूचना पर परिजन थाने पहुंचे, जहां आवश्यक पूछताछ और औपचारिकताओं के बाद अंकित अग्रवाल को सुरक्षित उनके परिजनों के हवाले कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि समय रहते कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई।
- मेरठ के चर्चित ‘नीला ड्रम’ हत्याकांड में मुस्कान और साहिल दोषी करार, 14 अक्टूबर को सुनाई जाएगी सजा - September 30, 2026
- आगरा नगर निगम में आउटसोर्सिंग सफाई मित्रों को मिले ईएसआई कार्ड: नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने बांटे कार्ड, संघ ने की समय पर दस्तावेज जमा करने की अपील - September 30, 2026
- आगरा में मुनि श्री समत्व सागर जी महाराज ससंघ ने किया ताजमहल का दीदार: वास्तुशिल्प की सराहना की, जैन समाज ने किया स्वागत - September 30, 2026