मेरठ। सरधना से भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक संगीत सोम ने बुधवार को दौराला में जन शताब्दी समारोह के अंतर्गत आयोजित अटल स्मृति सम्मेलन एवं मतदाता गहन पुनरीक्षण कार्यशाला में जनसभा को संबोधित किया। अपने भाषण में उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचारों का मुद्दा उठाया और इस क्रम में फिल्म अभिनेता शाहरुख खान पर तीखा हमला बोला।
संगीत सोम ने कहा कि देश में कुछ लोग क्रिकेट और फिल्मों के माध्यम से राष्ट्रविरोधी ताकतों को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बांग्लादेशी खिलाड़ियों को खरीदा जा रहा है और शाहरुख खान द्वारा एक बांग्लादेशी खिलाड़ी को साढ़े नौ करोड़ रुपये में खरीदने का दावा किया। पूर्व विधायक ने अभिनेता को गद्दार बताते हुए कहा कि देश ने उन्हें पहचान दी है, लेकिन अब ऐसे लोगों की देश को जरूरत नहीं है।
उन्होंने कहा कि पड़ोसी देश बांग्लादेश में हिंदुओं का कत्लेआम किया जा रहा है, बहन-बेटियों के साथ अत्याचार हो रहे हैं और इसके बावजूद कुछ लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गालियां दे रहे हैं, जो अत्यंत निंदनीय है। संगीत सोम ने कहा कि आज जब प्रधानमंत्री मोदी विदेश जाते हैं तो पूरी दुनिया, यहां तक कि अमेरिका भी उनका सम्मान करता है। विदेश दौरों में 140 करोड़ देशवासियों की भावनाएं उनके साथ जाती हैं और भारत का मान बढ़ता है।
संगीत सोम ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं—मुफ्त राशन, घर-घर शौचालय और उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त गैस सिलेंडर—से विपक्षी दल बौखला गए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद अपराधियों पर सख्त कार्रवाई हुई है। अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी का उल्लेख करते हुए उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में गुंडों का सफाया किया गया है।
वर्ष 2013 का जिक्र करते हुए संगीत सोम ने कहा कि उस समय बहन-बेटियां घर से बाहर निकलने में डरती थीं, जबकि आज हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पहले ईवीएम को गलत बताया गया और अब मतदाता गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया को बदनाम किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में भाजपा साढ़े तीन सौ से अधिक सीटें जीतकर सरकार बनाएगी, जबकि उत्तर प्रदेश में विपक्ष 20–30 सीटों तक सिमट जाएगा। अंत में उन्होंने कहा कि देश में गद्दारों की कमी नहीं है और ऐसे लोगों पर कड़ी नजर रखने की आवश्यकता है।
- लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की मौत का मामला: पहली बार मीडिया के सामने आई श्रद्धा दुबे, हत्या के आरोपों को नकारा और बताया आत्महत्या - October 19, 2026
- Agra News: फेसबुक पर विज्ञापन क्लिक करना पड़ा भारी; साइबर ठगों ने एफडी तुड़वाकर बुजुर्ग के खाते से निकाले 9.80 लाख रुपये - October 19, 2026
- यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की सुगबुगाहट तेज: सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने किया ऐलान, ‘संविधान दिवस’ को जारी होगा ‘जन-मन का मैनीफेस्टो’ - October 19, 2026