आगरा के बिजकौली गांव में दर्दनाक हादसा, निर्माणाधीन मकान के बेसमेंट की दीवार गिरने से दो की मौत, पांच गंभीर

स्थानीय समाचार

आगरा। जनपद के थाना बाह क्षेत्र अंतर्गत गांव बिजकौली में रविवार सुबह एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे गांव को दहला दिया। निर्माणाधीन मकान की बेसमेंट की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के वक्त दीवार के पास कुछ लोग अलाव ताप रहे थे, जबकि कुछ ताश खेलने में मशगूल थे। अचानक गिरी दीवार के साथ ईंट, मिट्टी और मलबा सात लोगों पर जा गिरा, जिससे वे सभी दब गए। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। शोर सुनते ही गांव के करीब 50 से अधिक ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए राहत कार्य में जुट गए। फावड़ों और हाथों से मलबा हटाकर करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सभी सातों घायलों को बाहर निकाला गया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाह में भर्ती कराया गया।

सीएचसी में प्राथमिक उपचार के दौरान चार घायलों की हालत गंभीर बताई गई। चिकित्सकों ने सभी को आगरा रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही हीरालाल (60) पुत्र नंदराम और योगेश (45) पुत्र राज बहादुर ने दम तोड़ दिया। शेष पांच घायलों का इलाज जारी है और डॉक्टर उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

कैसे हुआ हादसा

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बिजकौली निवासी जोध सिंह के मकान में बेसमेंट का निर्माण चल रहा था। बेसमेंट की दीवारों के बीच खाली स्थान में मिट्टी की भराई कर उसमें पानी छोड़ा गया था। इसी दौरान दीवार के सहारे बैठे लोग—हीरालाल (60), रामेंद्र सिंह (58), कल्लू (32), योगेश (45), उत्तम सिंह (50), धर्मेंद्र सिंह (42) और सुनील कुमार (38)—अलाव ताप रहे थे और ताश खेल रहे थे। तभी अचानक दीवार ढह गई और सभी मलबे में दब गए।

प्रशासन मौके पर

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आया। उत्तर प्रदेश पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की और जांच शुरू कर दी। मौके पर एसडीएम बाह संतोष कुमार शुक्ला, तहसीलदार संपूर्ण कुलश्रेष्ठ, बीडीओ नीरज तिवारी और ब्लॉक प्रमुख लाल सिंह चौहान भी पहुंचे। प्रथम दृष्टया बेसमेंट निर्माण में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और कमजोर संरचना को हादसे का कारण माना जा रहा है।
हादसे के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है। प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Dr. Bhanu Pratap Singh