आगरा। मथुरा जनपद में यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे के बाद घायलों का उपचार आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में लगातार जारी है। गुरुवार को हादसे में घायल दो और लोगों को एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, जिसके बाद कॉलेज में उपचाराधीन घायलों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है।
गुरुवार को आंबेडकर नगर निवासी गिरीश चंद्र और मऊ निवासी शिवमूरत को एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती किया गया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल स्थिर है और आवश्यक चिकित्सकीय जांचें की जा रही हैं। वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल अपराजिता और पवन कुमार को बेहतर उपचार के लिए क्रमशः एसजीपीजीआई लखनऊ और केजीएमयू रेफर किया गया है। इसके अलावा एक घायल मरीज को प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया।
एक अन्य घायल पुरुषोत्तम त्रिपाठी को सीने में गंभीर चोटें आई थीं। परिजन उन्हें इमरजेंसी से निजी अस्पताल लेकर चले गए। इसी तरह एक और घायल मरीज के परिजन भी उसे बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए।
एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि हादसे के बाद कुल 17 घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। इनमें से बुधवार को उस्मान की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। उनकी पत्नी नसीमा का सिर का सीटी स्कैन कराया गया, जिसमें किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं पाई गई। हालत में सुधार होने पर उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया। नसीमा अपने बेटों के साथ पति का शव लेकर हमीरपुर स्थित अपने घर चली गईं।
फिलहाल एसएन मेडिकल कॉलेज के सर्जरी और हड्डी रोग विभाग में 14 घायलों का इलाज चल रहा है। चिकित्सकों की टीम लगातार मरीजों की निगरानी कर रही है। यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
- लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की मौत का मामला: पहली बार मीडिया के सामने आई श्रद्धा दुबे, हत्या के आरोपों को नकारा और बताया आत्महत्या - October 19, 2026
- Agra News: फेसबुक पर विज्ञापन क्लिक करना पड़ा भारी; साइबर ठगों ने एफडी तुड़वाकर बुजुर्ग के खाते से निकाले 9.80 लाख रुपये - October 19, 2026
- यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की सुगबुगाहट तेज: सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने किया ऐलान, ‘संविधान दिवस’ को जारी होगा ‘जन-मन का मैनीफेस्टो’ - October 19, 2026