लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम के तहत प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक फरियादी से व्यक्तिगत रूप से संवाद किया, उनके प्रार्थना पत्र लिए और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध व सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हर समस्या का उचित निस्तारण कराना सरकार की प्राथमिकता है।
किसानों की समृद्धि सरकार की प्राथमिकता
‘जनता दर्शन’ के दौरान शाहजहांपुर से आए एक किसान ने धान खरीद केंद्रों पर लापरवाही की शिकायत मुख्यमंत्री से की। इस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार अन्नदाता किसानों की समृद्धि के लिए निरंतर कार्य कर रही है और किसी भी किसान को परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने शाहजहांपुर के जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि धान क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
कर्मचारियों और फरियादियों की समस्याओं पर त्वरित निर्देश
‘जनता दर्शन’ में पीएसी के एक सिपाही ने अपनी समस्या मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। इस पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए मामले के शीघ्र और न्यायसंगत निस्तारण के निर्देश दिए। इसी तरह प्रयागराज से आए फरियादियों की शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने जिला और पुलिस प्रशासन को तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए।
सेवा, सुरक्षा और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध सरकार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हर जरूरतमंद की सेवा ही सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि सरकार पहले दिन से ही प्रदेशवासियों की सेवा, सुरक्षा और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है। बीते साढ़े आठ वर्षों में सरकार ने जनता की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए हैं। मुख्यमंत्री ने ‘जनता दर्शन’ में आए सभी लोगों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण कराया जाएगा।
बच्चों से संवाद, चॉकलेट देकर दिया उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद
‘जनता दर्शन’ के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभिभावकों के साथ आए बच्चों से भी आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों से उनका नाम पूछा, चॉकलेट दी और मन लगाकर पढ़ाई करने की प्रेरणा दी। मुख्यमंत्री ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आशीर्वाद भी दिया।
- Agra News: वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का सुनहरा मौका, आगरा में 22 फरवरी को चलेगा चौथा विशेष अभियान - February 21, 2026
- राजसी स्वागत के बीच आगरा पहुंचे क्रोएशिया के प्रधानमंत्री, ताजमहल की खूबसूरती देख हुए मंत्रमुग्ध - February 21, 2026
- आगरा में होली से पहले बड़ी कार्रवाई: राजस्थान से आई 13 क्विंटल मिलावटी खोये की खेप पकड़ी, JCB से कराया नष्ट - February 21, 2026