आगरा। जिला महिला चिकित्सालय में सफाई व्यवस्था बुधवार से पूरी तरह ठप हो गई। सफाईकर्मियों ने तीन महीने से वेतन और पीएफ न मिलने के विरोध में काम बंद कर दिया है, जिसके चलते वार्डों, ओपीडी, शौचालयों और कॉरिडोर में गंदगी का अंबार लग गया है। बढ़ती अव्यवस्था से मरीजों और तीमारदारों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
अस्पताल की सफाई व्यवस्था संभालने वाली ऑल सर्विस ग्लोबल कंपनी के 17 कर्मचारियों का कहना है कि तीन महीनों से वेतन नहीं मिला है और पीएफ भुगतान भी लंबित है। कर्मचारियों ने बताया कि बार-बार शिकायत के बावजूद सुनवाई न होने पर उन्हें हड़ताल का सहारा लेना पड़ा। उनका कहना है कि भुगतान होने तक वे काम पर नहीं लौटेंगे।
हड़ताल के कारण अस्पताल में गंदगी की स्थिति गंभीर होती जा रही है। वार्डों में कूड़ा जमा है, शौचालयों की सफाई बंद है और दवाइयों एवं भोजन वितरण वाले हिस्सों पर भी असर पड़ा है। प्रसूता मरीजों और उनके परिजनों ने कहा कि अस्वच्छ माहौल में संक्रमण का खतरा बढ़ गया है।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि कंपनी के साथ भुगतान संबंधी मतभेद हैं और बताया कि समस्या के समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं। उधर, कर्मचारियों के काम बंद करने से उत्पन्न स्थिति लगातार बिगड़ रही है और मुद्दा तूल पकड़ने लगा है। समय पर समाधान न होने पर अस्पताल में संक्रमण फैलने की आशंका और बढ़ सकती है।
- यूपी चुनाव 2027 से पहले रोहिलखंड में बीजेपी को बड़ा झटका, आंवला के पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप अपनी बेटी संग सपा में शामिल - October 28, 2026
- अयोध्या में 10वें दीपोत्सव की भव्य तैयारी: 15 मंचों पर गूंजेंगे श्रीराम के आदर्श, दिखेगा रामलीला का अंतरराष्ट्रीय संगम - October 28, 2026
- राहुल गांधी की ‘त्रिपुंड तिलक’ और ‘सत्यम् शिवम् सुन्दरम्’ पोस्ट से मची हलचल, बहन प्रियंका ने बताया सच - October 28, 2026