आगरा। थाना रकाबगंज पुलिस ने ऑटो में बैठाकर सवारियों का मोबाइल, पर्स और नकदी पार करने वाले गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल फोन, पर्स और अन्य सामान भी बरामद किया है।
घटना 16 नवंबर की है। पीड़ित व्यक्ति फतेहाबाद से बस में बैठकर बिजलीघर पहुंचा था और शाहगंज जाने के लिए वाहन तलाश कर रहा था। तभी एक ऑटो चालक ने उसे बताया कि वह शाहगंज जा रहा है। ऑटो में पहले से दो युवक बैठे हुए थे। पीड़ित के बैठने के बाद चालक ऑटो को आगरा फोर्ट की ओर ले जाने लगा। जब पीड़ित ने आपत्ति जताई तो चालक ने कहा कि एक और सवारी बैठानी है।
आगरा फोर्ट के बाद भी ऑटो आगे उसी दिशा में बढ़ता रहा, जिस पर पीड़ित ने फिर से टोका। इसके बाद चालक ने उसे बीच रास्ते उतार दिया और ऑटो लेकर फरार हो गया। ऑटो से उतरते ही पीड़ित ने पाया कि उसका मोबाइल फोन, पर्स और अन्य सामान गायब है।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने टीम बनाकर जांच शुरू की और ऑटो गैंग के दो सदस्यों—टिंचू और रिषभ उर्फ मेरठिया—को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से चोरी का मोबाइल फोन, पर्स और अन्य सामग्री बरामद की गई है।
गिरफ्तार टिंचू इरादतनगर थाना क्षेत्र के डूंडीपुरा, बिहारीलाल की मढ़ैया का निवासी है, जबकि रिषभ मूल रूप से रजपुरा, मेरठ का रहने वाला है और वर्तमान में गोल चक्कर, शास्त्रीपुरम में रह रहा था।
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर गैंग के अन्य सदस्यों एवं घटनाओं की जानकारी जुटा रही है।
- आगरा में भीषण सड़क हादसा: फतेहाबाद-बाह मार्ग पर कैंटर और कार की टक्कर में दो लोगों की दर्दनाक मौत - July 21, 2026
- भारतवर्षीय दिगंबर जैन तीर्थक्षेत्र कमेटी का 125वां स्थापना वर्ष: मथुरा चौरासी से होगा ‘तीर्थ सुरक्षा महामहोत्सव’ का आगाज - July 21, 2026
- इनर व्हील क्लब की सेवा भावना: हेल्प आगरा को भेंट की 50 डायलाइजर किट, महिला चिकित्सकों का हुआ सम्मान - July 21, 2026