आगरा। जनपद न्यायालय से तारीख कर लौटती महिला की हत्या के पीछे प्रथम दृष्टया अपने पति से विवाद सामने आ रहा है। महिला अपने पति से अलग रह रही थी और गुजारा भत्ते की मांग को लेकर उसका मुकदमा चल रहा था। हत्याकांड के बाद से उसका पति फरार है। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार की दोपहर अदालत से तारीख निपटाकर लौट रही लगभग 28 वर्षीय महिला मंजू की थाना निबोहरा क्षेत्र में गोली मारकर हत्या कर दी गई। मंजू की हत्या सायं करीब चार बजे सारंगपुर गांव के पास पैदल मायके ग्राम गढ़ी केसरी जाते समय की गई। मृतका फतेहाबाद निवासी मनोज की पत्नी थी, जो अपने पति से अलग मायके में रह रही थी।
कहा जा रहा है कि मंजू के रहते हुए मनोज ने दूसरी शादी कर ली थी। वह मंजू को गुजारा भत्ता भी नहीं दे रहा था। मंजू अपने मायके गढ़ी केसरी में रहने लगी थी और गुजारा भत्ते के लिए उसने अदालत में मुकदमा दायर किया हुआ था। इसी मुकदमे की तारीख के लिए वह जनपद न्यायालय आई थी। मायके लौटने के लिए वह बस से फतेहाबाद पहुंची। फतेहाबाद से गढ़ी केसरी के लिए आने-जाने का कोई सीधा साधन नहीं है, इसलिए मंजू फतेहाबाद से पैदल ही अपने गांव की ओर जा रही थी। इसी दौरान, सारंगपुर के पास उसे गोली मार दी गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सड़क किनारे मंजू का शव पड़ा देख मौके पर भीड़ जमा हो गई।
थाना निबोहरा पुलिस ने मंजू के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के परिजनों ने पति मनोज पर ही हत्या का शक जताया है। पुलिस प्रथम दृष्टया मंजू के पति मनोज को ही संदिग्ध मानकर जांच कर रही है। घटना के बाद से मनोज फरार है।
एसीपी फतेहाबाद अमरदीप लाल ने मीडिया को बताया कि सारंगपुर रोड पर महिला का शव पड़े होने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में पता चला कि मृतका का अपने पति मनोज से विवाद चल रहा था। पुलिस मनोज की तलाश कर रही है।
- जनसुनवाई के बाद सीधे स्कूलों पर आगरा डीएम मनीष बंसल का धावा: छात्राओं की क्लास ली, खुद खाना चखा और पढ़ाई-सुरक्षा की परखी जमीनी हकीकत - August 18, 2026
- कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) आगरा इकाई का विस्तार: नरेंद्र तनेजा बने चेयरमैन और कुलदीप सिंह कोहली संयुक्त महासचिव मनोनीत - August 18, 2026
- प्रकृति से प्रेम और पर्यावरण संरक्षण ही श्रीकृष्ण भक्ति का संदेश: कमला नगर में परमहंस स्वामी गिरिशानंद सरस्वती के मुख से बही श्रीमद्भागवत की अमृतधारा - August 18, 2026