आगरा। ताजनगरी में गुरुवार को एक अमानवीय घटना सामने आई। ताजमहल घूमने आए एक पर्यटक परिवार ने अपने ही बुजुर्ग सदस्य को कार में बंद कर दिया और खुद ताजमहल देखने चले गए।
पश्चिमी गेट स्थित पार्किंग में खड़ी इस कार में अंदर बुजुर्ग होने और उनकी हलचल न दिखने पर वहां तैनात सुरक्षाकर्मी और कर्मचारियों को शक हुआ। उन्होंने पास जाकर देखा तो बुजुर्ग मरणासन्न हालत में नजर आए। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि बुजुर्ग के हाथ बंधे हुए थे। वे बोल नहीं पा रहे थे। पश्चिमी गेट पार्किंग के गार्ड और कर्मचारियों ने कार का शीशा तोड़कर दरवाजा खोला। पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी गई और बुजुर्ग को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
कार महाराष्ट्र नंबर की है। महाराष्ट्र शासन लिखी एक प्लेट भी डैशबोर्ड पर पड़ी है। कार की छत पर सामान बंधा हुआ है। लगता है कि महाराष्ट्र का परिवार कार से ही घूमने निकला है। चूंकि बुजुर्ग चलने की स्थिति में नहीं हैं, इसीलिए उन्हें कार में ही बंदकर ताजमहल घूमने चले गए।
इस दौरान लोगों की भीड़ लग गई और किसी ने इस घटना का पूरा वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस कार मालिक और पर्यटक परिवार की तलाश रही है।
गार्ड्स की सतर्कता से बची जान
सही समय पर पश्चिमी गेट पार्किंग के गार्ड और अन्य कर्मचारियों की नजर कार पर पड़ गई। उन्होंने देखा कि कार के अंदर एक बुजुर्ग व्यक्ति मरणासन्न हालत में पड़ा है। तत्काल कार्रवाई करते हुए कर्मचारियों ने कार का शीशा तोड़ा और बेसुध बुजुर्ग को बाहर निकाला।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से बुजुर्ग को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग की हालत गंभीर थी।
- जाम के झाम से परेशान आगरा का रावतपाड़ा बाजार, रेंग रेंग कर आंगे बढ़ रहे पैदल राहगीर - October 31, 2026
- संजय प्लेस में पार्किंग बनी ‘ओपन बार’ की खबर का बड़ा असर: एक्शन में आई आगरा पुलिस, शराबियों पर सख्ती से व्यापारियों में खुशी - October 31, 2026
- ताजनगरी में ‘अमृतम् परिवार’ का भव्य दीपावली उत्सव: गरबा-डांडिया की धुनों पर थिरके कदम, आतिशबाजी से रोशन हुआ आसमान - October 31, 2026