उत्तर प्रदेश: टीवी पर जब भी हम किसी हीरो द्वारा हीरोइन को मुश्किलों से बचाते हुए देखते हैं, तो मन में यही ख्याल आता है कि “काश, कोई मेरे जीवन में भी ऐसा होता।” लेकिन, हम अक्सर भूल जाते हैं कि असली हीरो तो हमारे जीवन में पहले से ही मौजूद होता है, जो हैं हमारे पापा। पापा वह व्यक्ति हैं, जो सुपरहीरो की तरह दिखते तो नहीं, लेकिन हर दिन बिना थके, बिना शोर किए, हमें सराहते हैं, हमारी सुरक्षा करते हैं और हमें ढेर सारा प्यार करते हैं। ‘रिश्तों से बंधी गौरी’ में गौरी का किरदार निभा रहीं अभिनेत्री ईशा पाठक ने इस फादर्स डे पर अपने पापा के साथ अपने खास रिश्ते को साझा करते हुए कई खास बातें बताई।
ईशा पाठक कहती हैं, “मेरे पापा के साथ मेरी इतनी सारी यादें हैं, जो आज भी मुझे हर दिन एक नई राह दिखाती हैं। सच कहूँ, तो एक पिता की जगह कोई नहीं ले सकता। बचपन में मेरी दिनचर्या बहुत व्यस्त हुआ करती थी, स्कूल, क्लासेस, फिर देर रात घर आना। लेकिन पापा, चाहे कितने ही थके हुए क्यों हों, हमेशा मेरे लिए तैयार रहते थे। बिना आराम किए, बिना चाय पीए, वो मुझे क्लास छोड़ने और लेने जाते थे, चाहे बारिश हो या धूप। फिर घर आकर मेरे साथ बैठते, होमवर्क पूरा होने तक जागते रहते। उन्हें देखकर मुझे आज भी प्रेरणा मिलती है। मैं वाकई खुद को बहुत सौभाग्यशाली मानती हूँ। यदि हर लड़की को मेरे जैसे पापा मिलें, तो उसकी ज़िंदगी सच में सबसे खूबसूरत बन जाए।”
वे आगे कहती हैं, “जो चीज़ मुझे उनके भीतर सबसे खास लगती है, वह है उनका शांत स्वभाव। कितनी भी मुश्किल परिस्थिति क्यों न हो, मैंने उन्हें कभी गुस्सा होते नहीं देखा। वे हमेशा धैर्य और शांति से हर परिस्थिति का सामना करते हैं। मैंने उनसे यही सीखा है कि जब आप शांत रहते हैं, तो आप सही निर्णय ले सकते हैं और यही गुण मैं अपने जीवन में अपनाना चाहती हूँ।”
फादर्स डे की प्लानिंग के बारे में ईशा बताती हैं, “इस साल मैं ‘रिश्तों से बंधी गौरी’ शो की शूटिंग से थोड़ा वक्त निकालकर पापा के लिए कुछ खास करना चाहती हूँ। मैं उनकी पसंदीदा चीज़ें लाऊँगी और खुद उनके लिए एक खास मिठाई बनाऊँगी। उन्हें मीठा बहुत पसंद है, तो मैं कोशिश करुँगी कि ऐसी मिठाई बनाऊँ, जिसे खाकर उनके चेहरे पर मुस्कान आ जाए। मैं चाहती हूँ कि इस फादर्स डे पर उन्हें यह महसूस हो कि उनकी बेटी ने सिर्फ उनके लिए पूरे दिल से कुछ किया है।”
‘रिश्तों से बंधी गौरी’ की कहानी एक ऐसी लड़की की है, जो मजबूरी में हुए विवाह के बाद भी हिम्मत और विश्वास के साथ जीवन की चुनौतियों का सामना करती है। इस भावनात्मक ड्रामा में ईशा पाठक, सवी ठाकुर और स्वाति शाह मुख्य भूमिकाओं में हैं।
यह शो हर रात 8:30 बजे सन नियो पर प्रसारित होता है।
-up18News
- ’चलो गाँव की ओर’: लायंस क्लब और आगरा डायबिटीज फोरम ने बलदेव में लगाया मेगा हेल्थ कैंप, 500 मरीजों को मिली राहत - February 22, 2026
- Agra News: वीआईपी रोड पर ट्रैफिक नियमों के उड़े परखच्चे, सनरूफ खोलकर स्टंट करते दिखे युवा, एक्शन की तैयारी - February 22, 2026
- सलाम! विदाई के बाद ससुराल नहीं, सीधे ‘इंटरव्यू’ देने पहुंची दुल्हन; दूल्हे की समझदारी ने पेश की महिला सशक्तिकरण की मिसाल - February 22, 2026