संघर्ष समिति के अध्यक्ष डॉ. देवी सिंह नरवार ने दी जानकारी
21 साल से कर रहे हैं प्रयास, अब सफलता की उम्मीद जागी
Agra, Uttar Pradesh, India. आगरा दक्षिण से भाजपा विधायक योगेन्द्र उपाध्याय ने गंगाजल, एसएन मेडिकल कॉलेज के बाद अब आगरा में माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश (यूपी बोर्ड) के क्षेत्रीय कार्यालय की स्थापना की ठानी है। उन्होंने कहा है कि क्षेत्रीय कार्यालय की स्थापना के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यंमत्री योगी आदित्यनाथ से घोषणा भी कराएंगे। भारतीय जनता पार्टी के संकल्प पत्र में शामिल कराएंगे। इस तरह उत्तर प्रदेश चुनाव 2022 में यूपी बोर्ड का क्षेत्रीय कार्यालय भी मुद्दा हो सकता है। यह लाखों छात्रों और अभिभावकों से जुड़ा मसला है।
श्री उपाध्याय ने कहा कि अगर चुनाव न होते तो क्षेत्रीय कार्यालय की स्थापना जल्दी करा देते। अब चुनाव बाद कराएंगे। यह कहे जाने पर अगर भाजपा की सरकार आई तो करा पाएंगे, यह सुनकर उन्होंने तपाक से कहा- सरकार तो भाजपा की ही बनेगी। आप स्वयं क्षेत्रीय कार्यालय की स्थापना होते हुए देखेंगे।
शनिवार को क्षेत्रीय कार्यालय के लिए 21 साल से संघर्ष कर रहे डॉ. देवी सिंह नरवार और डॉ. योगेन्द्र सिंह ने इस बारे में विधायक योगेन्द्र उपाध्याय को उनके आवास पर जानकारी दी। रात्रिकालीन वस्त्रों में ही उन्होंने पूरी बात सुनी। डॉ. नरवार ने क्षेत्रीय कार्यालय की स्थापना के लिए अब तक किए गए प्रयासों के बारे में जानकारी दी। यू0पी0 बोर्ड में हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट की परीक्षार्थियों की संख्या में उत्तरोत्तर काफी वृद्धि होने से वर्ष 1972 में शासन ने उ0प्र0 बोर्ड के कार्यालय का विकेन्द्रीकरण का निर्णय लिया। इसी दृष्टि से मेरठ, बनारस, बरेली, प्रयागराज तथा गोरखपुर में बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय खोले गये हैं। वर्ष 2001 में आगरा में बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय की स्थापना के लिए शासन ने प्रस्ताव माँगा, जिसके लिए तीन बार प्रस्ताव प्रेषित किये जा चुके हैं। 5 मार्च 1999 में पहली बार प्रस्ताव शिक्षा निदेशक माध्यमिक द्वारा शासन को भेजा गया। इसके बाद 4 जून 2001 तथा 28 अगस्त 2017 को मण्डलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक आगरा द्वारा सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद को भेजा गया।
आगरा के प्रस्तावित यू0पी0 बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय में आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, अलीगढ़, हाथरस, एटा, कासगंज, फर्रूखाबाद, इटावा, औरेया, कन्नौज, झांसी, जालौन (उरई), ललितपुर आदि 15 जनपदों को सम्मिलित किये जाने का प्रस्ताव है। इन 15 जनपदों में करीब 8 हजार माध्यमिक विद्यालय हैं, जिनमें कक्षा 10 एवं कक्षा 12 के करीब 11 लाख विद्यार्थी अध्यनरत् हैं, जो एक क्षेत्रीय कार्यालय के लिये पर्याप्त है। यूपी बोर्ड कार्यालय की स्थापना वर्ष 1921 में हुई थी। 2021 में बोर्ड की स्थापना को 100 वर्ष पूरे हो गये हैं। इसलिए सरकार ‘‘मिशन गौरव’’ के नाम से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इसी क्रम में अगर आगरा में बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय की स्थापना होती है तो यह भी गौरव की बात होगी।
डॉ. देवी सिंह नरवार ने बताया कि विधायक योगेन्द्र उपाध्याय आगरा में भागीरथ की तरह गंगाजल लेकर आए हैं। साथ ही एसएन मेडिकल कॉलेज को एम्स का दर्जा दिया है। कोरोना काल में लोगों ने इलाज के लिए एसएन को वरीयता दी। श्री उपाध्याय जो ठान लेते हैं, वह करते हैं। इसी कारण उन्हें आज ज्ञापन दिया गया है। विश्वास है कि अब आगरा में यूपी बोर्ड का क्षेत्रीय कार्यालय अवश्य बन जाएगा। उनकी 21 साल की तपस्या सफल होने जा रही है।
डॉ. योगेन्द्र सिंह ने कहा कि क्षेत्रीय कार्यालय मेरठ में हैं। मार्कशीट में संशोधन करना है तो 40 रुपये सरकारी शुल्क है लेकिन 3000 रुपये तक व्यय हो जाते हैं। आगरा में यूपी बोर्ड का क्षेत्रीय कार्यालय बनने पर लाखों छात्रों की यह समस्या दूर हो जाएगी। यहीं से नए विद्यालय की मान्यता की संस्तुति हो जाएगी।
- Agra News: महिला अधिवक्ता को पोर्न साइट के लिंक भेजने वाले को साइबर पुलिस ने किया गिरफ्तार - May 11, 2024
- मिस यूनिवर्स 2023 शेन्निस अलोंद्रा पलासियोस कॉर्नेजो ने किया ताजमहल का दीदार - May 11, 2024
- Agra News: शहरवासियों को जल्द मेट्रो सेवा प्रदान करने के लिए टनल निर्माण हेतु 24×7 काम कर रहीं हैं चार टीबीएम - May 11, 2024