Agra, Uttar Pradesh, India. ब्यूटीफुल आगरा बनाने की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए महापौर नवीन जैन ने शहर के प्रमुख चौराहों में से एक अवंतीबाई चौराहा, एमजी रोड पर रंग बिरंगी रोशनी में नहाए वॉटर फाउंटेन का लोकार्पण किया। शाम ढलने के साथ जैसे ही महापौर ने मशीन का बटन दबाया वैसे ही वाटर फाउंटेन शुरू हो गया। रानी अवंतीबाई की प्रतिमा के चारों तरफ़ बीच में रंग बिरंगी रोशनी के बीच ऊंची-ऊंची पानी की लहरों के साथ यह फाउंटेन बेहद खूबसूरत लग रहा था। आने जाने वाले राहगीर भी इस ब्यूटीफुल फाउंटेन को देखने के लिए ठिठक गए। इस सुंदर फाउंटेन का शुभारंभ होने पर क्षेत्रीय लोग खुशी से फूले नहीं समाए और महापौर नवीन जैन को धन्यवाद ज्ञापित किया।
महापौर नवीन जैन ने फ़ाउंटेन के लोकार्पण से पहले रानी अवंतीबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। तत्पश्चात् फ़ाउंटेन का बटन दबाकर लोकार्पण किया। लोकार्पण के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए महापौर नवीन जैन ने बताया कि आगरा शहर में विकास कार्य कराने के साथ-साथ हमने शहर को सुंदर बनाने का जो लक्ष्य लिया था उसी दिशा में हम आगे बढ़ रहे है। अवंतीबाई चौराहा शहर के सबसे प्रमुख चौराहों में से एक है। प्रतिदिन सैकड़ों की संख्यां में पर्यटक यहां से होकर गुजरते हैं। ऐसे में यह ब्यूटीफुल वॉटर फाउंटेन उन सभी लोगों का स्वागत करते हुए एक अच्छे और सुंदर आगरा की अनुभूति कराएगा।

महापौर नवीन जैन ने बताया कि इससे पहले भी हम कावेरी कुंज कमला नगर, दीवानी चौराहा, छीपीटोला चौराहा, बल्केश्वर पार्क, वाटर वर्क्स आदि जगहों पर वॉटर फाउंटेन का लोकार्पण कर चुके हैं। इसका रखरखाव करने के साथ 5 साल तक मेंटेनेंस करने का काम भी निजी कंपनी द्वारा किया जाएगा। महापौर ने क्षेत्रीय लोगों से भी अपील की कि शहर के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए आस-पास क्षेत्र को साफ़ सुथरा बनाने के साथ संवारने में सहयोग अवश्य दें।
इस मौके पर पार्षद लक्ष्मी शर्मा, पार्षद मोहन सिंह लोधी, युवा मोर्चा महानगर महामंत्री मनीष साहू, रघु शर्मा, प्रवीन जैन, संदीप परिहार, दीपक जैन, अधिशाषी अभियंता आर के सिंह आदि मौजूद रहे।
- वन्देमातरम के 150 वर्ष: आगरा में डेढ़ लाख तो देशभर में एक करोड़ लोगों ने एक स्वर में किया राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन - September 25, 2026
- बहराइच के मिहींपुरवा में खौफनाक नजारा: सड़क किनारे की झोपड़ी में चारपाई पर आराम करता दिखा तेंदुआ, फ़ोटो वायरल - September 25, 2026
- सावधान: एसएमएस, फोन कॉल और व्हाट्सएप के जरिए APK फाइल भेजकर बैंक खातों पर हाथ साफ कर रहे साइबर शातिर, पुलिस और ग्रीन गैस कंपनी ने शुरू किया जागरूकता अभियान - September 25, 2026