रात डेढ़ बजे हुआ हादसा, बस में मची अफरा-तफरी, आगरा के चाइल्ड राइट्स एक्टिविस्ट नरेश पारस भी चोटिल
आगरा/कानपुर। आईएसबीटी आगरा से प्रयागराज के लिए निकली जनरथ बस कानपुर में रात करीब डेढ़ बजे भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसे में दर्जनों यात्री घायल हो गए। सभी यात्री गहरी नींद में थे, तभी अचानक तेज झटके के साथ बस पलट गई। चारों ओर चीख-पुकार मच गई और यात्री इधर-उधर बिखर गए। हादसे की भयावहता इतनी थी कि पूरी बस धुएं से भर गई थी।
इस हादसे के प्रत्यक्षदर्शी आगरा के चाइल्ड राइट्स एक्टिविस्ट नरेश पारस ने बताया कि वह स्वयं भी इसी बस में सवार थे और घायल हो गए। उनके पैर, कमर, होंठ और नाक में चोट आई है। हादसे के तुरंत बाद यात्रियों ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद यात्रियों की मदद से बस के शीशे तोड़े गए और लोगों को बाहर निकाला गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। घायलों को तुरंत कानपुर जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
आगरा के नरेश पारस बच्चों के अधिकारों की लड़ाई में सक्रिय भूमिका निभाते हैं और उनके सुरक्षित बच जाने की खबर से उनके शुभचिंतकों ने राहत की सांस ली है। बस हादसे में चोटिल हुए नरेस पारस अब टैक्सी से आगरा लौट रहे हैं।
हादसे के बाद यात्री अब भी सहमे हुए
घटना के बाद से घायलों के परिवारों में चिंता का माहौल है। यात्री भी अभी हादसे की भयावहता को याद कर सिहर उठते हैं। बस के अधिकतर यात्री रात के समय सो रहे थे, ऐसे में अचानक हुए इस हादसे ने सभी को स्तब्ध कर दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच के अनुसार तेज गति और चालक की लापरवाही मुख्य कारण मानी जा रही है।
- Unlocking Holistic Women’s Health at Jehangir Hospital: A Journey of Care Beyond Reproductive Health - June 16, 2025
- युवक ने मर चुकी प्रेमिका संग रचाई शादी, मांग में भरा सिंदूर फिर चिता को दी मुखाग्नि - June 16, 2025
- दिल्ली आ रही एअर इंडिया फ्लाइट तकनीकी खराबी के चलते हॉन्गकॉन्ग वापस लौटी - June 16, 2025