आगरा। आगरा के ऐतिहासिक लाल किले में अब पर्यटकों को मिलेगा इतिहास, संस्कृति और कला का अनूठा संगम। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने शुक्रवार शाम आगरा किले के दीवान-ए-आम में अत्याधुनिक लाइट एंड साउंड शो का शुभारंभ किया।
रंग-ए-आगरा – युगों का सफर’ थीम पर आधारित इस शो ने दर्शकों को रंगों, ध्वनियों और रोशनी के अद्भुत संगम से मंत्रमुग्ध कर दिया।
लाइट एंड साउंड शो के शुभारंभ के अवसर पर जयवीर सिंह ने कहा कि आगरा पर्यटन के वैश्विक मानचित्र पर पहले से ही अपनी विशेष पहचान रखता है, और अब यह शो आगरा के नाइट टूरिज्म को नई ऊंचाई देगा। उन्होंने कहा कि इस पहल से पर्यटकों के रात्रि प्रवास में वृद्धि होगी, जिससे होटल इंडस्ट्री, लघु उद्यमी, दुकानदार, कारीगर और फुटपाथ वेंडर्स की आय में भी इज़ाफा होगा।
विश्व स्तरीय तकनीक से सुसज्जित शो
यह शो अत्याधुनिक प्रोजेक्शन मैपिंग तकनीक से निर्मित किया गया है। इमर्सिव प्रोडक्शन की शैली में तैयार यह प्रस्तुति विश्व बैंक की सहायता से प्रो-पुअर टूरिज्म डेवलपमेंट स्कीम के तहत करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की गई है। इसे एक ऐसी विश्व स्तरीय परियोजना के रूप में तैयार किया गया है जो इतिहास को रोचक अनुभवों में बदलती है।
शो का समय, भाषा और टिकट विवरण
प्रति दिन दो शो होंगे। हिंदी में शाम 7:30 बजे से 8:15 बजे तक और अंग्रेजी में रात 8:30 बजे से 9:15 बजे तक। प्रति शो दर्शक क्षमता 300 सीटें रहेगी। 7 वर्ष तक के बच्चे: निःशुल्क प्रवेश पा सकेंगे जबकि 8-17 वर्ष के बच्चों की टिकट वयस्क टिकट का 50% होगी। भारतीय वयस्क दर्शकों के लिए 300 रुपये और विदेशी वयस्कों के लिए टिकट दर 800 रुपये रखी गई है।
टिकट उपलब्धता ऑनलाइन पोर्टल और आगरा किला स्थल पर रहेगी। पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर उपलब्ध होगी।
फतेहपुर सीकरी में भी जल्द शुरू होगा शो
क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह ने बताया कि जल्द ही फतेहपुर सीकरी में भी लाइट एंड साउंड शो शुरू किया जाएगा। फिलहाल स्क्रिप्ट के अंतिम स्तर का कार्य प्रगति पर है।
यह पहल न केवल आगरा के ऐतिहासिक धरोहरों को जीवंत अनुभव में बदल रही है, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था और सांस्कृतिक पर्यटन को भी नई दिशा प्रदान कर रही है। ‘रंग-ए-आगरा’ अब हर आगंतुक की रात्रिकालीन सूची में एक जरूरी अनुभव बन गया है।
- SI भर्ती परीक्षा में ‘पंडित’ शब्द पर बवाल: योगी सरकार के मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने जताई कड़ी आपत्ति, बोले- दोषी को मिले सख्त सजा - March 15, 2026
- आगरा-अमेरिका के बीच बढ़ेगी दोस्ती: ‘सिस्टर सिटी’ पहल के तहत अमेरिकी डेलीगेशन ने जाना ब्रज का गौरव - March 15, 2026
- आईटीसी मुगल में शाहिद माल्या की सुरमई शाम: ‘स्पाइसी शुगर’ के ग्रैंड फिनाले में झूम उठी ताजनगरी - March 15, 2026