गोरखपुर। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने शनिवार को गोरखपुर में उत्तर प्रदेश सैनिक स्कूल का उद्घाटन किया। 49 एकड़ क्षेत्र में फैले इस स्कूल का निर्माण 176 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। उद्घाटन समारोह के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे।
धनखड़ के सुबह गोरखपुर पहुंचने पर योगी ने हवाई अड्डे पर उनकी अगवानी की। उपराष्ट्रपति कार्यालय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “आज गोरखपुर आगमन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने माननीय उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और डॉ. सुदेश धनखड़ का स्वागत किया।”
‘युवाओं को शिक्षा, देश की रक्षा’ ध्येय से स्थापित इस स्कूल में कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं को आवासीय सुविधा के तहत शिक्षा प्रदान की जाने की व्यवस्था की गई है। प्रवेश परीक्षा के जरिये कक्षा 6 और 9 में दाखिला लेने के बाद इस स्कूल में पहली जुलाई से पढ़ाई शुरू हो चुकी है।
पहले चरण में इस स्कूल में कक्षा 6 और 9 में 84-84 विद्यार्थियों को प्रवेश दिया गया है। इनमें 40 छात्राएं और 128 छात्र शामिल हैं। सैनिक स्कूल में छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग परिसर है। स्कूल का प्रशासनिक भवन प्राचीन भारतीय संस्कृति एवं परंपरा का दर्शन कराता है।
-एजेंसी
- दशकों के शोषण और जंजीरों के दर्द से मुक्ति: 2014 में बचाए गए हाथी राजू की कहानी, अब पौष्टिक आहार और चिकित्सीय देखरेख में कट रहे दिन - October 19, 2026
- सीतापुर में 17 साल की शादी और दो बच्चों को छोड़कर फेसबुक प्रेमी के पास गई पत्नी, पति ने खुद कराई दोनों की शादी - October 19, 2026
- आगरा में ‘बड़ा आदमी बनकर लौटेंगे’ पत्र लिखकर घर से भागे थे तीन बच्चे; पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सकुशल किया बरामद - October 19, 2026