लखनऊ: उत्तर प्रदेश में गर्मी चरम पर है, तो वहीं आगरा में 46.3 डिग्री तापमान और लू के थपेड़ों से हाल बेहाल रहा। भीषण गर्मी में तीन युवकों की मौत हो गई, तो वहीं चार सैलानियों की तबीयत स्मारकों में खराब हो गई। आगरा किला में दो और ताजमहल पर दो सैलानियों को प्राथमिक उपचार दिया गया।
गर्मी में लू के थपेड़े जानलेवा हो गए हैं। सोमवार को लू से तीन युवकों की मौत हो गई। ताजगंज क्षेत्र के नगला तल्फी में रामलखन (30) और तोरा में बैंक ऑफ बड़ौदा के पास एक युवक का शव मिला है। केंद्रीय हिंदी संस्थान रोड पर इंदल ने दम तोड़ दिया। वह इंदौर का रहने वाला था। मजदूरी करता था। प्रभारी निरीक्षक ताजगंज ने बताया कि नगला तल्फी में रामलखन का शव एकता चौकी, टीवी टावर के पास मिला। तोरा में बैंक के पास मिले शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। दोनों की मृत्यु गर्मी से हुई है। दोनों मजदूर थे।
लू से चार सैलानियों की बिगड़ी तबीयत
सोमवार को ताजमहल में ईद की नमाज के बाद आई प्रिया की तबीयत खराब हो गई। वह लू के कारण पश्चिमी गेट की ओर गिर गईं। उनकी तरह ही विशाखापत्ननम से आए श्रीभल्ल वीरभद्रास्वामी को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के कर्मचारी डिस्पेंसरी ले गए, जहां प्राथमिक उपचार दिया गया। आगरा किला में बनी डिस्पेंसरी में जितेंद्र यादव और सुमित सौन को उपचार दिया गया। एएसआई की ‘मे आई हेल्प यू’ टीम ने उन्हें दीवान-ए-आम परिसर में लू से तबीयत बिगड़ने पर ओआरएस का पाउडर दिया और डिस्पेंसरी लेकर पहुंचे।
लू की वजह से बदल दिया रास्ता
ताजमहल में गर्मी के कारण पर्यटकों के बेहोश होकर गिरने के मामलों के बाद गाइड और फोटोग्राफर पर्यटकों को म्यूजियम की ओर से लेकर जा रहे हैं। रॉयल गेट से प्रवेश के बाद पर्यटक नहरों के किनारे पाथवे से ही ताज के मुख्य गुंबद तक जाते थे। अब ज्यादातर पर्यटकों ने रास्ता बदल दिया है। ताजमहल में नहर के दोनों ओर दो पाथवे और हैं, जो पेड़ों से घिरे हैं। यहां घने पेड़ों की छांव है। बीच वाले और म्यूजियम से सटे पाथवे से पर्यटकों ने तेज धूप में निकलना शुरू कर दिया है। मुख्य गुंबद को देखकर लौटने वाले भी अब नक्कारखाने की ओर से लौट रहे हैं।
Compiled by up18News
- सिल्कयारा टनल का जादुई रेस्क्यू अब बड़े पर्दे पर: आमिर खान और कबीर खान ला रहे हैं ऐतिहासिक फिल्म ‘सिल्कयारा 41’ - July 12, 2026
- 24 जुलाई को दिखेगी ‘रामायणम्’ की पहली झलक: भव्य ट्रेलर रिलीज की तारीख हुई घोषित, वैश्विक मंच पर सजने को तैयार भारतीय महागाथा - July 12, 2026
- कान्स फिल्म फेस्टिवल से लौटीं अभिनेत्री सेज़ल शर्मा: साझा किए रेड कार्पेट के यादगार पल, कहा- यह अनुभव बदल देगा मेरा नजरिया - July 12, 2026