प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज हिमाचल दौरे पर हैं। इस बीच उन्होंने नाहन के ऐतिहासिक चौगान मैदान से लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आपने कांग्रेस का दौर देखा है। जब एक कमजोर सरकार देश में हुआ करती थी। उस समय पाकिस्तान हमारे सिर पर चढ़कर नाचता था। कांग्रेस की कमजोर सरकार दुनिया में गुहार लगाती फिरती थी।
पीएम मोदी ने विपक्ष के इंडी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी साजिश का ताजा उदाहरण पश्चिम बंगाल में सामने आया। दो दिन पहले ही वहां कोलकाता उच्च न्यायालय ने कई मुस्लिम जातियों के आरक्षण को खत्म कर दिया।
मुसलमानों की कई जातियों को इंडी गठबंधन वालों ने ओबीसी बना दिया था और ओबीसी का हक उनको दे दिया था। ऐसा करके इंडी गठबंधन ने ओबीसी के हक पर डाका डाला और संविधान की धज्जियां उड़ा दी।
उन्होंने कहा कि अब कोलकाता हाईकोर्ट के फैसले के बाद इंडी गठबंधन वाले बौखलाए हुए हैं। बंगाल की मुख्यमंत्री तो सीधे-सीधे कोर्ट के फैसले को मानने से भी इनकार कर रही हैं। इनके लिए संविधान और अदालतें कोई मायने नहीं रखती। इनका सबसे सगा अगर कोई है, तो वो है इनका वोट बैंक।
राम मंदिर का किया विरोध: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि वोट बैंक के लिए ही कांग्रेस राम मंदिर का विरोध करती थी। इन्होंने मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का भी विरोध किया।
पीएम ने कहा कि कांग्रेस में राम मंदिर को लेकर साजिश चल रही है। कांग्रेस सत्ता में आई तो राम मंदिर पर ताला लगा देंगे। पीएम ने कहा कि 60 वर्ष तक कांग्रेस ने सोचा ही नहीं कि सामान्य वर्ग में भी गरीब होते हैं। उनको भी आरक्षण की जरूरत है, कांग्रेस ने इन समाज के बारे में कभी सोचा ही नहीं। लेकिन मोदी ने आकर सामान्य वर्ग के गरीब लोगों के लिए 10% आरक्षण किया और इस देश में कोई झगड़ा नहीं हुआ। इसके कारण आज हमारे समाज के लोगों को अलग-अलग स्थान पर अवसर मिल रहा है।
डरपोक सोच मोदी के मिजाज के साथ मेल नहीं खाता
पीएम मोदी ने कहा कि जब बॉर्डर स्टेट में सड़क बनाने की बात आती थी… तो कांग्रेस के हाथ-पांव फूल जाते थे। कांग्रेस डर जाती थी कि अगर सड़क बनाई तो उसी सड़क से दुश्मन भीतर आ जाएगा। ऐसी डरपोक सोच मोदी के मिजाज के साथ मेल नहीं खाती।
पीएम ने कहा कि एक तरफ मोदी की गारंटी है और दूसरी तरफ कांग्रेस का बर्बादी का मॉडल, सत्ता पाने के लिए कांग्रेस ने हिमाचल के लोगों से खूब झूठ बोला। इन्होंने कहा कि पहली कैबिनेट में ये होगा, वो होगा। लेकिन पहली कैबिनेट में कुछ भी नहीं हुआ, बल्कि कैबिनेट ही टूट-फूट गई।
मैं मां भारती का अपमान नहीं सह सकता
पीएम मोदी ने कहा हिमाचल के ऊंचे पहाड़ों ने मुझे अपना हौसला बुलंद रखना सिखाया है। हिमाचल के ऊंचे पहाड़ों ने मुझे अपना सिर गर्व से ऊंचा रखना सिखाया है। मैं मां भारती का अपमान नहीं सह सकता। लेकिन कांग्रेस, मां भारती के अपमान से भी बाज नहीं आती। कांग्रेस को भारत माता की जय कहने से दिक्कत है, कांग्रेस को वंदे मातरम् कहने से दिक्कत है। ऐसी कांग्रेस कभी हिमाचल का भला नहीं कर सकती।
हिमाचल 4-0 से हैट्रिक लगाएगा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश में 5 चरणों के चुनाव हो चुके हैं। भाजपा-एनडीए की सरकार बननी पक्की हो चुकी है। अब हिमाचल 4-0 से हैट्रिक लगाएगा। हम देवभूमि के लोग हैं हमारी एक भी चीज कभी बेकार नहीं जाने देते। तो कोई हिमाचली अपना वोट बेकार जाने देगा क्या? वे उसे ही वोट देगा जिसकी सरकार बनेगी।
मोदी जान की बाजी लगा देगा: पीएम पीएम
मोदी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सीमा से सटा हुआ राज्य है। हिमाचल के लोग एक मजबूत और ताकतवर सरकार का मतलब जानते हैं। मोदी आपके लिए जान की बाजी लगा देगा, लेकिन आप पर कभी संकट नहीं आने देगा।
Compiled by up18news
- उटंगन नदी में नहाने गया युवक गहरे पानी में डूबा: निबोहरा क्षेत्र के गांव नागर में मचा हड़कंप, गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन जारी - August 19, 2026
- आगरा के अछनेरा क्षेत्र में कुलदेवी मंदिर के पास युवक की गोली मारकर हत्या, चार दिन पहले ही आया था बहनोई के घर - August 19, 2026
- लविश्का के जीवन की नई सुबह: आरबीएसके योजना के तहत दिल के छेद का हुआ मुफ्त ऑपरेशन, परिवार में लौटी खुशियां - August 19, 2026