हाथ में झाड़ू लिए महिलाएं सफाई का नाटक करते हुए पैसे मांगती रहती हैं
सड़क पर ही कचरा, आवारा पशु और श्वानों का डेरा, बस अड्डा का बुरा हाल
छोटी बच्चियां भीख मांगने में व्यस्त, ढाई साल की बच्ची को भी भिखारी बनाया
डॉ. भानु प्रताप सिंह
Live Story Time
Karauli, Rajasthan, India, Bharat. राजस्थान के करौली में कैला मैया का मंदिर है। हजारों श्रद्धालु प्रतिदिन पहुंचते हैं। कैला मैया के दर्शन कर स्वयं को भाग्यशाली मानते हैं। चढ़ावा खूब आता है। लाखों लोगों का पेट इन श्रद्धालुओं के बल पर भर रहा है। इसके बाद भी कैला देवी मंदिर के आसपास सफाई नहीं है। ऐसा नहीं है कि मंदिर ट्रस्ट ने व्यवस्था न कर रखी हो लेकिन कर्मचारियों पर लगाम कौन लगाए।
पूर्व पार्षद सुनील जैन आगरा से श्रद्धालुओं की बस लेकर कैला देवी गए थे। आगरा से 11 मई का रात्रि में चले और 12 मई को प्रातः 3.30 बजे पहुंच गए। जहां बस खड़ी की, वहां से मातेश्वरी धर्मशाला तक जाने में ही सड़क पर कीचड़ थी। यह हाल तब है जबकि हम ऊंचाई पर जा रहे थे। रात्रि में बारिश होने के कारण सड़क गीली थी। सीमेंट की सड़क होने के बाद भी समस्या थी।
12 मई, 2024 को मातेश्वरी धर्मशाला के मुख्य द्वार से मंदिर जाने के लिए प्रातः सात बजे बाहर निकले तो मन दुखी हुआ। सामने सड़क के बीच में कचरा पड़ा था। गायें मुंह मार रही थीं। सड़क पर गायों का विचरण जारी था। श्वान महाराज भी भी प्रातः भ्रमण कर रहे थे। सड़क पर स्थान-स्थान पर कचरा पड़ा हुआ था। कहीं-कहीं पानी भी था, जिससे पदवेश मलीन हो रहे थे। दुकानदारों ने अतिक्रमण करके सड़क को संकीर्ण कर दिया था।
मंदिर परिसर में सफाई उच्चकोटि की थी। कहीं गंदगी दृष्टिगोचर नहीं हुई। प्रवेश और निकास की व्यवस्था भी उत्तम है। कोई भगदड़ की स्थिति नहीं मिली। यहां प्रायः कोई वीआईपी नहीं है। न कोई शुल्क है कि 1000 रुपये देकर जल्दी दर्शन करा दे। पंडे नहीं है जो बेकार में ही श्रद्धालुओं की श्रद्धा के साथ खिलवाड़ करते हैं।

भारी भीड़ के बाद भी आधा घंटा में हमने कैला मैया के दर्शन कर लिए। फिर जहां से घुसे थे, वहीं से बाहर निकले तो देखा कि द्वार पर कई महिलाएं हाथ में झाड़ू लेकर पैसे मांग रही थीं। उनके पैरों तले सड़क गंदगी से अटी हुई थी लेकिन सफाई करने के स्थान पर पैसे मांगने में व्यस्त थीं। फिर हमें कुछ बच्चियां मिलीं जो पैसे मांग रही थीं। इनकी आयु मुश्किल से 4 वर्ष की होगी। इस तरह के बच्चे पूरे परिसर में फैले हुए हैं। इन्हें न जलेबी खानी है न और कुछ। बस पैसे चाहिए।
फिर हम मंदिर परिसर से बस अड्डा की ओर बढ़े। सड़क के दोनों और दुकानें हैं। सड़क के बीच में फेरी वाले हैं। यहां हमें करीब ढाई साल की बच्ची सड़क के बीच बैठी हुई दिखाई दी। इसके सिर पर जय माता दी वाली चुनरी बँधी हुई थी। ओष्ठों पर लाल रंग की लिपिस्टिक लगी थी। हाथ में कटोरा था। इसे माता का रूप देकर भीख मँगवाई जा रही थी। यहां भी कई स्थानों पर झाड़ू लिए महिलाएं खड़ी थीं। सफाई का नाटक करते हुए भीख मांग रही थीं। कई रेस्टोरेंट वालों ने सड़क पर ही कुर्सियां बिछा रखी थीं। मोटर साइकिल वाले तेज हॉर्न बजाते हुए आ रहे थे। एक युवा झाड़ू लगाता मिला, जो संभवतः ट्रस्ट का कर्मचारी होगा।
इसी तरह की व्यवस्था और अव्यवस्था के बीच बाजार पार हुआ। आगे सड़क पर सिर्फ वाहन नजर आ रहे थे। सड़क पर और सड़क के दोनों ओर गदंगी के दर्शन हुए। वाहनों की पौं-पौं कान फोड़ रही थी। सड़क जाम थी। यातायात व्यवस्था का आगरा से भी बुरा हाल मिला। हर कोई हॉर्न बजा रहा था लेकिन आगे नहीं बढ़ पा रहे थे। पैदल निकलने वालों को भी मुश्किल हो रही थी। मेरे हाथ में पहियों वाला एक ट्रॉली बैग था। सड़क के हालात ऐसे थे कि कई बार बैग को उठाकर ले जाना पड़ा। यहां भी आसपास रेस्टोरेंट और अन्य दुकानें थीं। भारत के अधिकांश दुकानदारों की तरह यहां भी अतिक्रमण किया गया था।
मुझे लालसा थी बस अड्डा देखने की। सोच रहा था कि कैला देवी मंदिर के नाते बस अड्डा शानदार होगा। बस अड्डा की अव्यवस्थाएं देखकर तो हैरान रह गया। जमीन कच्ची होने के कारण मिट्टी पैरों में लग रही थी। प्रवेश द्वार भी ठीक नहीं था। शायद इसी कारण कैली देवी के दर्शनार्थ अधिकांश लोग अपने वाहनों से आते हैं।
लाइव स्टोरी टाइम द्वारा इस समाचार को प्रकाशित करने का उद्देश्य यह है कि कैला देवी मंदिर के आसपास व्यवस्थाएं दुरुस्त हों। कम से कम सफाई तो उच्चकोटि की कर सकते हैं। मैंने देखा है कि गुरुद्वारों और जैन मंदिरों में सफाई पर विशेष जोर रहता है। सनातन मंदिरों में स्वच्छता की ओर कतई ध्यान नहीं है। मंदिर से जिन लाखों लोगों को पेट भरता है, वे भी सफाई के स्थान पर गंदगी फैलाते दिखते हैं।

- Agra News: भावना मॉल में शराब की दुकान खोलने के विरोध में व्यापारी लामबंद, डीएम को सौंपा गया ज्ञापन - April 19, 2025
- Agra News: घर पर सो रही दलित बालिका को उठा ले गया दरिंदा, रेप कर छोड़ा, CCTV में कैद हुआ आरोपी - April 19, 2025
- Agra News: आगरा किले पर लाइट एंड साउंड शो शुरू, रात्रि पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा - April 19, 2025